सागर

मार्जिन टाइम बना यात्रियों की परेशानी, आउटर पर घंटों खड़ी रहती है बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस

अतिरिक्त मार्जिन के कारण आउटर पर रोकना पड़ रहा ट्रेन को, यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में होती है देरी, यात्री लगातार इसमें सुधार करने की मांग क रहे हैं
2 min read
Aug 08, 2026
Margin time causes trouble for passengers; Bilaspur-Bhopal Express often waits for hours at the outer signa
आउटर पर खड़ी बिलासपुर-भोपाल ट्रेन। फोटो-पत्रिका

बीना. रेलवे ने बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस के समय निर्धारण में रखा गया अत्याधिक मार्जिन टाइम अब यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। दमोह से बीना के बीच पहले करीब चार घंटे में सफर पूरा करने वाली ट्रेन अब पांच घंटे ले रही है। सबसे अधिक दिक्कत बीना स्टेशन के पहले आउटर पर लंबे समय तक ट्रेन खड़ी रहने से हो रही है।
रेलवे की समय-सारिणी के कारण 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस के यात्रियों को अनावश्यक विलंब का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने ट्रेन के संचालन में इतना अधिक मार्जिन टाइम रखा है कि ट्रेन समय से पहले बीना पहुंचने के बावजूद स्टेशन के आउटर पर काफी देर तक खड़ी रहती है। यात्रियों का कहना है कि जिस समय ट्रेन आउटर पर खड़ी रहती है, उतने समय में उसे आगे भोपाल की दिशा में रवाना किया जा सकता है।
खुरई से बीना तक 1 घंटे 22 मिनट का समय
ट्रेन दमोह से सुबह 8.15 बजे रवाना होकर 9.55 बजे सागर पहुंचती है। इसके बाद खुरई 11.28 बजे पहुंचने के बावजूद बीना स्टेशन तक पहुंचने में 1 घंटा 22 मिनट लग जाते हैं और निर्धारित समय दोपहर 12.50 बजे का है। यात्रियों का कहना है कि खुरई से बीना की दूरी इतनी नहीं है कि उसमें इतना अधिक समय लगे। ट्रेन को समय पूरा करने के लिए आउटर पर ही रोका जाता है। यात्रियों का कहना है कि दमोह से बीना के बीच पांच घंटे का समय निर्धारित है, इससे भोपाल जाने वाले यात्रियों का सफर अनावश्यक रूप से लंबा हो गया है।

आउटर पर ही उतर जाते हैं यात्री
बीना आने वाले कई यात्री ट्रेन के आउटर पर रुकते ही वहीं उतर जाते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी होती है, जो बिना टिकट यात्रा करते हैं। यात्रियों का मानना है कि यदि ट्रेन को समय से प्लेटफॉर्म पर लाया जाए और अनावश्यक मार्जिन टाइम कम किया जाए, तो यात्रियों को राहत मिलेगी और रेलवे को भी राजस्व नुकसान से बचाया जा सकेगा। कई बार इस संबंध में अधिकारियों के समक्ष भी मांग रखी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। मार्जिन समय घटा दिया जाए, तो एक घंटे पहले यात्री अपने गंतव्य पर पहुंचने लगेंगे।

Updated on:
08 Aug 2026 12:37 pm
Published on:
08 Aug 2026 12:37 pm