दूसरे शहरों में रहकर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी, साल दर साल महाविद्यालयों में प्रवेश की संख्या हो रही है कम, प्रवेश बढ़ाने चलाए जा रहे अभियान भी नहीं हो रहे कारगर साबित
बीना. शहर के महाविद्यालयों में पिछले कुछ वर्षों से सभी संकायों की सीटें नहीं भर पा रही हैं। सीटें भरने के लिए महाविद्यालय प्रबंधन कई अभियान चला रहे हैं और प्रवेश लेनेे के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद भी साल दर साल प्रवेशों में कमी आ रही है। इसका एक कारण कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रमों की ओर बढ़ता रुझान भी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम जैसे पारंपरिक पाठ्यक्रमों में पहले जहां भारी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती थी और सीटें बढ़ानी पड़ती थी, लेकिन अब जो सीटें हैं वह भी नहीं भर पा रही हैं। बीए संकाय में तो सीटें कुछ हद तक भर जाती हैं, लेकिन कॉमर्स की सीटें ज्यादा खाली रहती हैं। बीए संकाय में प्रवेश लेकर विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने दूसरे शहरों में चले जाते हैं। साथ ही अब विद्यार्थी केवल डिग्री नहीं, बल्कि जॉब रेडी स्किल चाहते हैं। वह ऐसे कोर्स चुन रहा है, जिनसे सीधे रोजगार या स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। स्थानीय उद्योगों से संबंधित कोर्स या प्रशिक्षण केन्द्र शहर में नहीं है, जिससे दूसरे शहरों में ही जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है।
कौशल विकास आधारित कोर्स बन रहे पसंद
आईटी, डिजिटल मार्केटिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग, डेटा एनालिटिक्स, होटल मैनेजमेंट, पैरामेडिकल और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इन कोर्सों में कम समय में रोजगार की संभावना अधिक होती है, जिससे विद्यार्थियों का इन कोर्सों की ओर रुझान ज्यादा है। जबकि महाविद्यालयों में पाठ्यक्रम समय पर अपडेट नहीं हो रहे हैं।
एक्सपर्ट व्यू
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी मोहम्मद रफीक शेख ने बताया कि कक्षा 12 वीं के बाद दूसरे शहरों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रमों की ओर रुझान बढ़ा है। विद्यार्थियों के रुझान के अनुसार महाविद्यालय में टूरिज्म कोर्स शुरू किया गया है और अगले सत्र से इवेंट मैनेजमेंट कोर्स भी शुरू करने की तैयारी है।
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रवेश की स्थिति
फैक्ट फाइल
वर्ष 2025—26
यूजी
कुल सीट—1435
प्रवेश—663
पीजी
कुल सीट 730
प्रवेश 307
वर्ष 2024-25
यूजी
कुल सीट 1435
प्रवेश 738
पीजी
कुल सीट 730
प्रवेश 355