
BJP Leader Brother Beats Shop Employee Video viral (फोटो-Patrika.com)
BJP Leader Brother Beats Shop Employee: मध्य प्रदेश में एक बार फिर भाजपा नेता के परिजनों की दबंगई का मामला सामने आया है। इस बार मामला सागर के परकोटा इलाके का है। आरोप है कि यहां केक के दाम को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी के भाई को इतना गुस्सा आ गया कि उसने बेकरी दुकान के कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, भाजपा नेता का कहना है कि आरोप तो कुछ भी लगाए जा सकते हैं। (MP news)
दरअसल, मामला परकोटा इलाके में स्थित कान्हा बेकर्स एंड स्वीट्स की दुकान में रविवार रात करीब 10:35 बजे का है। आरोप है कि भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी के भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर दुकान में घुसकर कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।
कान्हा बेकर्स में काम करने वाले कर्मचारी अमित सिंह ने बताया कि वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी दो युवक दुकान में आए और केक की कीमत पूछने लगे। कीमत बताने के बाद दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे और विवाद बढ़ गया।
अमित सिंह का आरोप है कि गाली देने वाले युवक भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष अंशुल गुप्ता के भाई थे। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों ने कर्मचारी के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। यहां तक कि चप्पल से भी उसकी पिटाई की गई। सीसीटीवी फुटेज में भी दो युवक कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद अंशुल गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कर्मचारी को थाने में शिकायत न करने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़ित अमित सिंह ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाया है और मामले को जांच में ले लिया है। एडिशनल एसपी लोकेश सिंह ने बताया कि मारपीट का वीडियो सामने आया है। फरियादी की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष अंशुल गुप्ता का कहना है कि केक को लेकर विवाद हुआ था और सीसीटीवी में पूरी घटना दर्ज है, लेकिन आरोप तो कुछ भी लगाए जा सकते है। (MP news)
Published on:
29 Apr 2026 04:15 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
