29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ट्रांसपोर्ट नगर की दरकार: बढ़ते भारी वाहनों से यातायात हो रहा प्रभावित

शहर से बाहर आधुनिक हब की मांग तेज, मुख्य सड़कों पर होती है लोडिंग-अनलोडिंग, ​बनती है जाम की स्थिति, वाहन पार्किंग के लिए नहीं बचती है जगह

2 min read
Google source verification
Transport Nagar is needed: Traffic is being affected due to increasing heavy vehicles.

सड़क पर वाहन खड़े कर अनलोडिंग करते हुए। फोटो-पत्रिका

बीना. शहर के पास औद्योगिक गतिविधियों और माल परिवहन में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के बीच शहर में अब तक सुव्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर की जरूरत पड़ रही है। शहर के अंदर ही ट्रकों की पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जगह-जगह खड़े भारी वाहन जाम, दुर्घटना के खतरे का कारण बन रहे हैं। ऐसे में शहरवासियों, ट्रांसपोर्टरों और व्यापारिक संगठनों ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने की मांग उठाई है।

बीना क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों, कृषि उपज और निर्माण सामग्री की ढुलाई के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रकों की आवाजाही होती है। इसके अलावा बीना रिफाइनरी में भी हर दिन सैकड़ों वाहनों का आना-जाना रहता है। लेकिन निर्धारित स्थान नहीं होने के कारण ट्रक सड़कों के किनारे, बाजार क्षेत्र और रिहायशी इलाकों के आसपास खड़े हो जाते हैं। इससे यातायात बाधित होता है और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार संकरी सड़कों पर भारी वाहनों से दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। वर्तमान में आगासौद रोड, स्टेशन रोड पर ट्रांसपोर्टर सामान की लोडिंग-अनलोडिंग करते हैं, जिससे लोगों को दिक्कत होती है। ट्रांसपोर्ट नगर न होने से सड़क किनारे ही गैरेज संचालित हो रही हैं, सड़क किनारे चौबीस घंटों भारी वाहन खड़े रहते हैं, जिससे हादसों का डर बना रहता है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति आगासौद रोड की है।

ट्रांसपोर्ट नगर से यह होगा फायदा

यदि शहर के बाहर सुनियोजित ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाता है तो इससे कई लाभ होंगे। जिसमें भारी वाहनों को निर्धारित स्थान मिलने से शहर के अंदर जाम की समस्या कम होगी और यातायात सुचारु रहेगा। लोडिंग-अनलोडिंग की एक ही जगह व्यवस्था होने से व्यापारियों को समय और लागत दोनों में राहत मिलेगी।

शहर से बाहर जगह चिन्हित कर की जाए व्यवस्था

ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण शहर की सीमा से बाहर किया जाना चाहिए, ताकि भारी वाहनों को सीधे मार्ग मिल सके और शहर के अंदर दबाव न पड़े। औद्योगिक क्षेत्र रिफाइनरी के पास स्थान चयन होने से परिवहन लागत में भी कमी आएगी। इसके साथ ही सुरक्षित ट्रक पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग प्लेटफॉर्म, टायर सेंटर, ईंधन पंप, ड्राइवरों के लिए विश्राम कक्ष, शौचालय, भोजनालय, बारिश में पानी निकासी और अलग प्रवेश-निकास मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाएं होना चाहिए।