सागर

एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपए उड़ाने वाला गिरफ्तार, दो कार्ड और इतने हजार रुपए जब्त

पुलिस ने कुछ दिन पहले एक युवती की शिकायत के बाद दबोचा
2 min read
Aug 24, 2018
Money laundering arrest by ATM card
Money laundering arrest by ATM card

सागर. एटीएम बूथ से रुपए निकालने के दौरान कार्ड बदलकर लोगों को झांसा देते हुए उनके खातों से रुपए उड़ाने वाले एक बदमाश को मकरोनिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश एटीएम में घुसते ही पीछे से उनका पिन नंबर जान लेता था और रुपए निकालने में परेशानी आने पर उनका मददगार बनकर कार्ड बदल लेता था।
मकरोनिया पुलिस ने कुछ दिन पहले एक युवती की शिकायत के बाद ऐसी बदमाशों की निगरानी शुरू की। गुरुवार को जब वह चेहरे पर कपड़ा बांधकर नरसिंहपुर रोड मोहन नगर क्षेत्र में स्थित एटीएम में घुसकर रुपए निकालने की कोशिश कर रहा था तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से दो एटीएम और 39 हजार रुपए बरामद किए हैं। मकरोनिया पुलिस के अनुसार गुरुवार को नरसिंहपुर रोड के एक एटीएम बूथ में नकाबपोश की गतिविधि संदिग्ध दिखने की सूचना पुलिस थाने को मिली। जिस पर बाज स्क्वॉड को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही वह हड़बड़ा गया और चेहरे से हवाइयां उडऩे लगी थी। पुलिस ने दो एटीएम कार्ड और 39 हजार रुपए की नगदी बरामद की है।
कम पढ़े-लिखे लोगों व महिलाओं पर नजर रखता था
प्रकरण की जांच कर रहे एसआइ रामू प्रजापति ने युवक को थाने लाकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम दयाराम यादव निवासी बरायठा बताया। उसका कहना था कि वह कम पढ़े-लिखे, नासमझ लोगों और महिलाओं के एटीएम बूथ से रुपए निकालने पर नजर रखता था। लोग जब एटीएम कार्ड स्वैप करते तो और रुपए नहीं निकलते थे तो वे परेशान हो जाते। इस बीच वह उनकी मजबूरी का फायदा उठाता था। पीछे खड़े होकर कार्ड का पिन जान लेता फिर मदद का झांसा देते हुए वह बड़ी ही सफाई से कार्ड बदलकर और अपने पास से ठीक वैसा ही एटीएम कार्ड लोगों को लौटा देता था। इस तरह उसने कई लोगों के साथ ठगी की।

Published on:
24 Aug 2018 09:58 am