
hanuman ansh- सागर के भजन गायक सुनील लोधी को बालीवुड में मिली पहचान। (फोटो सोर्स- IMDb)
Bundelkhand Singer Viral Bhajan- सुनील लोधी पर यह कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है कि "कहते हैं, ईश्वर किसी से कुछ लेता है तो बदले में कोई दूसरी ऐसी खूबी देता है, जो उसे सबसे अलग बना देती है। सुनील लोधी पर यह कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है।" इस युवक की आंखें दुनिया नहीं देख सकतीं, लेकिन आज दुनिया उन्हें देख रही है।
मध्यप्रदेश के सागर जिले के छोटे से गांव अगरा के इस दृष्टिबाधित युवक सुनील लोधी की आवाज गांव से निकलकर बड़े पर्दे पर गूंज रही है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म हनुमान अंश में सुनील लोधी के गाए भजन को काफी सराहना मिल रही है। सुनील लोधी कहते हैं कि जब से उन्होंने होश संभाला उनके हाथ में तंबूरा थाने जाने का सिलसिला शुरू हो गया। वे जगह-जगह बुंदेली लोकगीत और भजन गाने लगे। सुनील लोधी को जब मध्यप्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुलाया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
गरीबी में जीवन जीने वाले सुनील लोधी, जो कभी ठोकरें खाने को मजबूर थे, आज उनके दिन बदलते नजर आ रहे हैं। उन्हें मध्यप्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मिलने बुलाया और सम्मानित किया। मंत्री ने सुनील के साथ काफी बातें की, उनसे वही भजन सुना जो दुनियाभर में लोकप्रिय हो रहा है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बेटे आकाश सिंह राजपूत खुद अपनी कार में लेने पहुंचे। आकाश सिंह राजपूत खुद ड्राइवर बनकर अपनी कार में सुनील के साथ नजर आए। उन्हें घुमाया भी और ढेर सारी बातें कीं। आकाश ने उन्हें सुपर स्टार बताया और कहा कि सुनील लोधी हमारे बुंदेलखंड का नाम ऊंचा करने वाला व्यक्ति है। यह और आगे जाएं, इसके लिए हम सभी शुभकामनाए देते हैं। आकाश ने सुनील लोधी के साथ बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो काफी लोकप्रिय हो रहा है। एक ऐसे कलाकार को सम्मान मिलता देख कई लोग भावुक भी हुए।
नीम करौली बाबा पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' इन दिनों काफी लोकप्रिय हो रही है। सुनील कहते हैं कि वे बचपन से ही हनुमानजी के भक्त हैं। उनके भजन गाया करते थे। लोग प्रोत्साहन के तौर पर कुछ रुपए दे दिया करते थे। सुनील कहते हैं कि सलैया गांव के रहने वाले अमन मेहरा ने मुझे सोशल मीडिया से जोड़ दिया था, जिस पर बुंदेली भजन और लोकगीत गाया करता था। वो भी काफी लोकप्रिय होने लगे थे। रोहित साहू नाम के शख्स ने बुंदेली चैनल पर पहली बार मंच दिया। संकट के कटैया हनुमान भजन से मुझे अच्छी पहचान मिलने लगी। इसके बाद हनुमान अंश में गाने का मौता मिला, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
सुनील लोधी के बुंदेली दुनिया नाम के यूट्यूब चैनल पर करीब 92.6 फॉलोअर्स हैं। इसमें हनुमानजी के छोटे से मंदिर में बैठकर वे भजन गा रहे हैं। अब तक सुनील लोधी के 1500 वीडियो चैनल पर व्यू बढ़ा रहे हैं।
बुंदेली दुनिया यूट्यूब पर ही यह संदेश भी लिखा है कि मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव से आज गायक सुनील लोधी की मुलाकात होने वाली है। हनुमान अंश में सुनील के चर्चित गीत मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान ने जिस तरह पहचान बनाई, उसके बाद सीएम से होने वाली यह मुलाकात सुनील के संघर्ष और सफलता के सफर में यादगार पड़ाव रहेगा।
Updated on:
03 Sept 2026 05:04 pm
Published on:
03 Sept 2026 04:52 pm
