MP News: वाहन चेकिंग के दौरान एक कार की तलाशी में पुलिस को दो बैग में 21 किलो चांदी के जेवरात मिले, कार सवार तीन युवकों से की जा रही पूछताछ।
MP News: मध्यप्रदेश के सागर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक कार से 21 किलो चांदी के जेवरात मिले हैं। कार में सवार तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना सिविल लाइन थाना इलाके की है जहां पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। चांदी चोरी की है या फिर वैध है इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पूरा मामला जीएसटी विभाग को सौंपा गया है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में यूनिवर्सिटी रोड पर पुलिस शुक्रवार दोपहर को वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काली रंग की कार क्रमांक MP 13 CB 1340 आती हुई नजर आई। कार में तीन लोग सवार थे और दो बैग रखे हुए थे। पुलिस ने बैग खोलकर देखे तो दोनों बैगों में चांदी के जेवरात भरे हुए थे। पुलिस ने चांदी के जेवरातों का वजन तुलवाया तो एक बैग में करीब 15 किलो और दूसरे में 6 किलो चांदी के जेवरात थे। इनमें करधनी, बिछिया समेत अन्य आभूषण शामिल हैं।
कार में इतनी बड़ी मात्रा में चांदी मिलने के बाद पुलिस ने कार में सवार तीनों लोगों से चांदी के बारे में पूछताछ की और संदेह के आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। जिन तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है उनके नाम शैलेन्द्र जैन (48 वर्ष) पुत्र प्रेमचंद जैन, पुष्कर सोनी (47 वर्ष) पुत्र हरिराम सोनी, निवासी इतवारा बाजार और पवन सोनी (26 वर्ष) पुत्र जागेश्वर सोनी, निवासी बड़ा बाजार सागर के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ के दौरान तीनों ने बताया कि चांदी सागर के सराफा व्यापारियों की है और इसे सुरखी इलाके में गलाने के लिए ले जाया जा रहा था। उन्होंने कुछ बिल भी पेश किए, लेकिन दस्तावेजों की वैधता संदिग्ध लगी। पुलिस ने चांदी की तौल कराई और सभी कागजात जीएसटी विभाग को भेज दिए हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर कार को रोका गया। चांदी वैध है या अवैध, इसका फैसला जीएसटी विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों व्यक्ति हिरासत में हैं और पूछताछ जारी है।