14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिजली कंपनी की लापरवाही: चार दिनों से झूल रहे थे 11 केवी लाइन के तार, संपर्क में आने से तीन भैस और गाय की मौत

पशुपालक को हुआ लाखों रुपए का नुकसान, ग्रामीणों ने भानगढ़ रोड पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन, थाना प्रभारी की समझाइश के बाद किया प्रदर्शन खत्म

2 min read
Google source verification
Negligence by the power company: 11 KV line wires were dangling for four days, three buffaloes and a cow died after coming into contact with them.

हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से भैंसों की हुई मौत। फोटो -पत्रिका

बीना. खिमलासा सबस्टेशन के अंतर्गत ग्राम ढांड़ में झूलते हुए 11 केवी लाइन के तारों के संपर्क में आने से तीन भैंस और एक गाय की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और भानगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर किसान नेता इंदर सिंह, भानगढ़ थाना प्रभारी धर्नेंद्र यादव सहित पटवारी और बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने पहुंचकर पंचनामा बनाया। आश्वासन पर कुछ देर बाद प्रदर्शन खत्म हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व चली आंधी के बाद से खेतों में 11 केवी हाईटेंशन लाइन के तार जमीन से दो फिट ऊपर झूल रहे थे, जिससे हादसे का अंदेशा था। इसकी सूचना बिजली कंपनी के कर्मचारियों को दी थी, लेकिन सुधार नहीं किया गया। बुधवार सुबह गांव के तखत सिंह यादव की तीन भैंसे और गाय चरने के लिए गई थीं, जो करंट के संपर्क आ गईं और मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पशुपालक सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। भैंस और गाय के मरने पर पशुपालक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। दो-दो लाख रुपए कीमत की भैंस थीं। घटना के बाद भानगढ़ रोड पर ग्रामीणों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे किसान नेता, भानगढ़ थाना प्रभारी ने समझाइश देकर प्रदर्शन खत्म कराया। पशुपालक को जो नुकसान हुआ है, उसका पटवारी ने पंचनामा बनाया है।

पूर्व में भी हो चुके हैं हादसे
बिजली कंपनी की लापरवाही के चलते पूर्व में क्षेत्र में इस प्रकार के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इन हादसों से भी सबक नहीं लिया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर तार नीचे झूल रहे हैं, तो कहीं खुले तार हादसों को न्यौता दे रहे हैं। हादसा होने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं।

लापरवाही से हो सकती थी जनहानि
किसान नेता ने बताया कि तार इतने नीचे झूल रहे थे कि बच्चे भी उसके संपर्क में आ सकते थे। इसके बाद भी कर्मचारियों ने ध्यान नहीं दिया। यदि कोई व्यक्ति इसके संपर्क में आ जाता, तो उसकी जान चली जाती।

कर रहे हैं जांच
मृत मवेशियों का पीएम कराया गया है और जांच की जा रही है। जांच में जिसकी लापरवाही सामने आएगी उसपर कार्रवाई की जाएगी।
धर्नेंद्र यादव, थाना प्रभारी, भानगढ़