अप्रेल के दूसरे पखवाड़े में ही गर्मी के तेवर तीखे नजर आने लगे हैं। बुंदेलखंड अंचल तप रहा है, सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। अचंल के नौगांव और फिर खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहे। यहां का पारा 42 डिग्री पार कर गया। गुरुवार को सबसे ज्यादा तापमान छतरपुर में […]
अप्रेल के दूसरे पखवाड़े में ही गर्मी के तेवर तीखे नजर आने लगे हैं। बुंदेलखंड अंचल तप रहा है, सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। अचंल के नौगांव और फिर खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहे। यहां का पारा 42 डिग्री पार कर गया।
गुरुवार को सबसे ज्यादा तापमान छतरपुर में 42.2 और दमोह में 42 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं टीकमगढ़ में 41.5 और सागर में 40.7 डिग्री दर्ज हुआ। सुबह से ही तेज धूप की चुभन महसूस हो रही है। सुबह 11 बजे की तापमान 38 डिग्री के पार पहुंच रहा है। सागर में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 अप्रेल को नया सिस्टम एक्टिव गया है, लेकिन यह कमजोर रहेगा। इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में ही दिखाई देगा। वर्तमान में एक ट्रफ एक्टिव है। गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजारी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहे। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।
छतरपुर में दो दिनों से तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। 24 घंटे में दिन का तापमान समान रहा, वहीं रात के तापमान में 1 डिग्री का उछाल आया है। न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम केंद्र खजुराहो प्रभारी आरएस परिहार ने बताया कि औसत से 2 डिग्री अधिक तापमान पहुंच गया है। औसतन 40 डिग्री सेल्सियस तापमान होना चाहिए।
दमोह में दो दिनों से हालात यह है कि दोपहर के समय सडक़ों पर सन्नाटा दिख रहा है। तीन दिन पहले अधिकतम तापमान 38.5 दर्ज किया गया था, जो कि 4 डिग्री बढक़र 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो कि अब तक का सबसे गर्म दिन रेकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 5 दिनों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
सुबह 5.30 बजे - 26.0
सुबह 8.30 बजे -33.4
सुबह 11.30 बजे -38.8
दोपहर 2.30 बजे - 40.0
शाम 5.30 बजे - 38.4
(नोट-तापमान डिग्री सेल्सियस में है)
अंचल में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के टाइम टेबल में बदलाव किया है। सागर के बाद दमोह और अब टीकमगढ़ में सभी स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से किया गया है। स्कूलों की छुट्टी दोपहर 12 बजे तक करनी होगी।