
वार्ड में नाली बनाने की गई खुदाई। फोटो-पत्रिका
बीना. शहर के राजीव गांधी वार्ड की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और वृंदावन धाम कॉलोनी में इन दिनों हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। नाली निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइप लाइन के चलते घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पडऩे लगा है। अधिकारी इंदौर वाली घटना से भी सबक नहीं ले रहे हैं। इस संबंध में कांग्रेस ने एसडीएम रवीश कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार करीब आठ दिन पहले नाली निर्माण के लिए की गई खुदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। मरम्मत के बाद दो दिन सप्लाई चालू हुई, लेकिन इसके बाद फिर से लाइन में लीकेज हो गया और गंदा पानी घरों तक पहुंचने लगा। इसके बाद दोबारा सुधार कार्य किया गया, लेकिन समस्या खत्म नहीं हो सकी।
गंदे पानी से बीमार होने लगे लोग
गंदा पानी सप्लाई होने से लोग बीमार होने लगे हैं। वृंदावन धाम निवासी सुरेश कुमार रजक ने बताया कि दूषित पानी पीने से उन्हें दस्त की शिकायत हो गई थी, जिससे डॉक्टर से इलाज कराना पड़ा। वहीं, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के दिनेश रजक ने बताया कि उनकी बच्ची को उल्टी-दस्त की समस्या हो गई थी और परिवार के अन्य सदस्य भी अस्वस्थ हैं। योगेश राय ने बताया कि परिवार के सदस्यों को पेट में तकलीफ और उल्टी, दस्त हो रहे हैं। शिकायतों के बाद भी सुधार नहीं हो पा रहा है।
घरों के बाहर फैली गंदगी, बढ़ी परेशानी
नाली निर्माण के लिए की गई खुदाई के कारण कई स्थानों पर गंदा पानी जमा हो गया है। जिन घरों के सामने खुदाई हुई है, वहां हालात और खराब हैं। ठेकेदार द्वारा एक साथ खुदाई कर दी गई, लेकिन निर्माण कार्य की रफ्तार धीमी होने से गंदगी फैल रही है और लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
की जाए सख्त कार्रवाई
मप्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता अभिषेक बिलगैयां के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि गांधी और राजीव वार्ड में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से नलों में गंदा पानी आ रहा है। लोग बीमार हो रहे हैं। जबकि इंदौर में 35 से अधिक लोगों की मौत दूषित पानी हुई थी और ऐसी स्थिति शहर में न बने। ज्ञापन ेमें मांग की गई है कि लाइन क्षतिग्रस्त करने वालों और जल सप्लाई करने वालों पर आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में अशोक परिहार, निदान जैन, कौशल सेन, राजाराम अहिरवार, राजेन्द्र आठिया, भारत भूषण सोनी आदि शामिल हैं।
जल्द होगी समस्या दूर
नाली निर्माण के दौरान पुरानी पाइप लाइन के कनेक्शनों में खिंचाव आने से लीकेज की समस्या उत्पन्न हुई है। नई पाइप लाइन डालने का काम शुरू कर दिया गया है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल पुरानी लाइन से पानी सप्लाई बंद कर दी गई है और टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जयदीप शाक्यवार, उपयंत्री, नगर पालिका, बीना
Published on:
17 Apr 2026 11:59 am
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
