सागर

बिजली कंपनी की लापरवाही, रात ढ़ाई बजे भेज रहे सूचना की सुबह 7 बजे से होगा मेंटेनेंस, नहीं आएगी बिजली

बिजली कंपनी की लापरवाही से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेंटेनेंस के कार्य के नाम पर अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली कटौती की जा रही है, लेकिन कंपनी उपभोक्ताओं को समय पर सूचना नहीं दे रही है। गुरुवार को सुबह 7 बजे से यूनिवर्सिटी फीडर में मेंटेनेंस कार्य शुरू होना था, […]

2 min read
Apr 10, 2026

बिजली कंपनी की लापरवाही से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेंटेनेंस के कार्य के नाम पर अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली कटौती की जा रही है, लेकिन कंपनी उपभोक्ताओं को समय पर सूचना नहीं दे रही है। गुरुवार को सुबह 7 बजे से यूनिवर्सिटी फीडर में मेंटेनेंस कार्य शुरू होना था, जिसकी जानकारी उपभोक्ताओं को कंपनी ने रात 2.30 बजे एसएमएस के माध्यम से दी। रात के समय मैसेज पहुंचने से अधिकांश उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी नहीं लग पाई। परिणामस्वरूप सुबह बिजली कटते ही लोग असुविधा में पड़ गए और उन्होंने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाए।

सूचना देने में कोताही

बिजली कंपनी विभिन्न क्षेत्रों में मेंटेनेंस का कार्य अलग-अलग तारीखों पर कर रही है। कंपनी का दावा है कि यह कार्य बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है, लेकिन सूचना प्रणाली बेहद कमजोर है। कई बार रात के समय या देर रात मैसेज भेज दिए जाते हैं, जिससे आम उपभोक्ता, खासकर बुजुर्ग और ग्रामीण क्षेत्र के लोग, इसकी जानकारी नहीं ले पाते। इससे सुबह के समय घरेलू काम और छोटे व्यवसाय करने वाले प्रभावित होते हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि रात 2 बजे आए मैसेज को देखने का मौका ही नहीं मिलता। कई लोगों ने कहा कि यदि सूचना एक दिन पहले शाम को दी जाती तो वे इन्वर्टर, जनरेटर या अन्य व्यवस्था कर सकते थे। अब बिना तैयारी के बिजली चले जाने से रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि कंपनी केवल मेंटेनेंस का बहाना बनाकर बिजली कटौती कर रही है।

आज पांच घंटे बंद रहेगी बिजली

शुक्रवार को करीला उपकेंद्र के 11 केवी के 6 फीडरों शास्त्री वार्ड, काकागंज, विट्ठल नगर, भूतेश्वर, सुभाष नगर, मोतीनगर में रखरखाव का काम किया जाएगा। इसके चलते सुबह 7 बजे से 12 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेंगी। इसके चलते पगारा रोड, भगवानगंज, आंबेडकर चौराहा, रेलवे स्टेशन, वल्लभ नगर, बड़ी माता, बाहुबली कॉलोनी, विजय टॉकीज, इतवारी टोरी, रामपुरा, गुरू गोविंद सिंह वार्ड, मोतीनगर आदि क्षेत्रों में सप्लाई बंद रहेंगी।

Also Read
View All