सागर

MP Politics : सागर में पीड़ितों से मिलने पहुंचे जीतू पटवारी, राहुल गांधी से कराई पीड़ित परिवार की बात

Sagar News : एमपी के सागर जिले के बरौदिया नोनागिर गांव पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पहुंचे। जहां उन्होंने फोन पर पीड़ित परिवार की राहुल गांधी से बात करवाई।
2 min read
• •
Updated: 28 May 2024, 7:09 PM IST
jitu patwari

MP Politics : मध्यप्रदेश के सागर जिले के खुरई के बरौदिया नोनागिर गांव में पिछले दिनों विवाद हुआ था। जहां विवाद के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई थी और एक मृतक की भतीजी ने एंबुलेंस से कूदकर अपनी जान दे दी थी। तभी से यह मामला सुर्खियों में है। आज यानी मंगलवार को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी बरौदिया नोनागिर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान जीतू पटवारी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से परिवार की फोन पर बात करवाई। बता दें कि सोमवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे थे।

क्या बोले जीतू पटवारी


मध्यप्रदेश में जंगलराज आ गया है। हम पढ़ते थे, सुनते थे, कि कई राज्य ऐसे होते हैं। जहां जंगलराज होता है। एक परिवार की बहन को पहले छेड़ा जाता है फिर उसकी हत्या की जाती है। न्याय मांगते-मांगते चाचा की हत्या हो जाती है। मां को निर्वस्त्र करके घुमाया जाता है और फिर बहन की एक तरह से हत्या कर दी जाती है।ये मध्यप्रदेश के हाल हैं। प्रशासन पूरा हत्यारों के साथ है। मोहन सरकार पर निशाना साधते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि मोहन यादव जी आपके राज में दलित होना पाप हो गया है। अनुसूचित जाति और जनजाति का होना एक तरह से अभिशाप हो गया है। मध्यप्रदेश में लगातार एससी/एसटी के साथ अत्याचार हो रहा है।

राहुल गांधी ने दिया मदद का आश्वसन


पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मृतक के भाई से राहुल गांधी की फोन पर बात करवाई है। इस मामले पर राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले की हम कार्रवाई और जांच करवाएंगे। इस मामले में हम आपकी पूरी मदद करेंगे। हम आपके साथ खड़े हैं। कोई भी समस्या हो हमें बताए।


क्या है मामला


यह मामला बरोदिया नौनागिर गांव का है। जहां एक पुराने मामले में राजीनामा को लेकर दो पक्षों में शनिवार की रात विवाद हो गया था। इसी दौरान आरोपियों ने धारधार हथियार से हमला कर दिया। जिसके बाद राजेंद्र अहिरवार गंभीर रुप से घायल हो गया। राजेंद्र को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के लिए सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित की गंभीर हालत को देखते हुए सागर से भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव भोपाल से लेकर भतीजी अंजना लौट रही थी। तभी उसने भी अचानक एंबुलेंस से कूदकर अपनी जान दे दी।

Updated on:
28 May 2024, 7:09 PM IST
Published on: