सागर

सांदीपनि स्कूल का भवन अधूरा, दो भवनों में संचालित करनी पड़ रही हैं कक्षाएं

अभी एक हजार विद्यार्थियों को मिल पा रहा प्रवेश, भवन तैयार हो जाए, तो संख्या हो जाएगी दोगुनी, जगह के अभाव में विद्यार्थियों को नहीं मिल पा रहीं सुविधाएं।

2 min read
Apr 18, 2026
निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल। फोटो-पत्रिका

बीना. सांदीपनि स्कूल का संचालन शुरुआत से ही मॉडल और प्राथमिक स्कूल हिरनछिपा में किया जा रहा है। स्कूल के लिए भवन तैयार हो रहा है, लेकिन धीमी गति के चलते अभी काम अधूरा है, जिससे विद्यार्थियों को बैठने में परेशानी हो रही है और जगह के अभाव में प्रवेश भी आधे हो पा रहे हैं।
सांदीपनि स्कूल का भवन न होने के कारण संचालक मॉडल स्कूल में हो रहा है, जहां कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं लगती हैं। साथ ही कक्षा 1 से 5 वीं तक की कक्षाएं प्राथमिक स्कूल हिरनछिपा में संचालित हो रही हैं। अलग-अलग भवनों में स्कूल संचालित होने से विद्यार्थी, स्टाफ सभी परेशान हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 1 से 5 वीं तक 202, कक्षा 6 से 8 वीं तक 307 और कक्षा 9 से 12 वीं तक 577 विद्यार्थी थे। कुल 1084 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया था। जबकि प्रवेश के लिए बच्चे ज्यादा संख्या में पहुंच रहे हैं। मॉडल स्कूल 400 विद्यार्थियों की क्षमता के अनुसार बनाया गया है, लेकिन यहां भी 800 से ज्यादा विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। इस सत्र के लिए प्रवेश चल रहे हैं, लेकिन निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

नए भवन की दो हजार से ज्यादा की है क्षमता
वहीं, हींगटी रोड पर बन रहे सांदीपनि स्कूल के भवन की क्षमता 2000 से अधिक विद्यार्थियों की है, लेकिन अभी बहुत काम बाकी है। इस भवन का निर्माण दिसंबर 25 तक होना था, लेकिन अभी भी काम बहुत बाकी है। भवन न बनने से विद्यार्थी परेशान हैं।

6 फरवरी 24 को हुुआ था अनुबंध
निर्माण एजेंसी पीआइयू ने ठेकेदार राजेन्द्र सिंह से 6 फरवरी 24 को अनुबंध किया था और भवन का निर्माण 2532.47 लाख रुपए में होना है। भवन निर्माण की समय-सीमा निकल चुकी है।

भानगढ़, मंडीबामोरा में निर्माण नहीं हो पा रहा शुरू
ब्लॉक में भानगढ़ और मंडीबामोरा में भी सांदीपनि स्कूल का निर्माण होना है, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। भानगढ़ में जगह मिल गई है, लेकिन मंडीबामोरा में जगह की तलाश जा रही है।

जगह की है कमी
पर्याप्त भवन न होने से स्कूल का संचालक दो जगहों पर करना पड़ रहा है। जगह के अनुसार ही प्रवेश हो रहे हंै। नया भवन बनने के बाद करीब दो हजार विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा, जिसमें दो किमी के दायरे में स्थित प्राथमिक, माध्यमिक स्कूल मर्ज किए जाएंगे।
मंजू यादव, प्राचार्य, सांदीपनि स्कूल, बीना

Published on:
18 Apr 2026 11:59 am
Also Read
View All