सागर

Sagar News: स्कूल बैग में छिपी थी नागिन, क्लासरूम में बच्चे ने देखा तो मची अफरा-तफरी

Sagar Snake News: रोजाना की तरह बच्चा स्कूल बैग लेकर स्कूल पहुंचा तो क्लासरूम में बैग में साथी बच्चों को सांप दिखाई दिया, शिक्षक ने सूझबूझ दिखाते हुए बैग से नागिन को निकाला और रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
2 min read
Jul 16, 2026
sagar
snake found in school bag classroom, बच्चे के स्कूल बैग में निकली नागिन (source-patrika)

Sagar Snake News: मध्यप्रदेश में बारिश का मौसम आते ही सांप निकलने और सर्पदंश के मामले बढ़ गए हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के सागर जिले के रहली ब्लॉक का है। यहां एक गांव में स्कूल में बच्चे के बैग से नागिन निकलने से स्कूल में हड़कंप मच गया। करीब डेढ़ फीट की नागिन बच्चे के स्कूल बैग में छिपी हुई थी। स्कूल के एक शिक्षक ने वक्त रहते बैग से नागिन को निकाला और सुरक्षित रेस्क्यू कर डिब्बे में बंद कर जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। स्कूल बैग से नागिन निकलने का वीडियो भी सामने आया है जो तेजी से वायरल हो रहा है।

स्कूल बैग में निकली नागिन

रहली ब्लाक अंतर्गत चांदपुर प्राथमिक स्कूल में एक बच्चे के बैग में नागिन निकलने से हड़कंप मच गया। यह घटना उस वक्त सामने आई जब बच्चे स्कूल में थे और रोज की तरह क्लास जारी थी। अचानक से एक बच्चे के बैग में कुछ बच्चों ने सांप देखा और बैग छोड़कर दूर हो गए। जैसे ही इसकी सूचना स्कूल में पदस्थ शिक्षक अभय यादव को लगी वो तुरंत ही कक्षा में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

देखें वीडियो-

शिक्षक ने दिखाई सूझबूझ

शिक्षक अभय यादव की सूझ बूझ और सतर्कता ने स्थिति को काबू में किया और बैग से नागिन निकाल कर बड़ी ही सतर्कता और सावधानी से नागिन को बिना कोई नुकसान पहुंचाए डिब्बे में बंद कर जंगल में छोड़ा। मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है जो तेजी से वायरल हो रहा है। स्कूल के शिक्षक अभय यादव के द्वारा बैग से नागिन का रेस्क्यू करने के साहसी कार्य की हर कोई तारीफ कर रहा है और उनकी पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

बारिश के सीजन में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।

सांप काटने पर क्या करें?

  • काटे गए अंग को जितना संभव हो स्थिर रखें।
  • तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचें।
  • झाड़-फूंक, चीरा लगाने या जहर चूसने जैसी गलत विधियों से बचें।
  • यदि संभव हो तो सांप की पहचान करने की कोशिश करें, लेकिन उसे पकड़ने का प्रयास न करें।
Updated on:
16 Jul 2026 04:19 pm
Published on:
16 Jul 2026 04:10 pm