
cobra found in scooty dickey snake catcher bitten, स्कूटी की डिग्गी में कोबरा (Source- patrika)
Vidisha Cobra Found in Scooty Dickey: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा से एक हैरान कर देने वाली और सतर्क करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक स्कूटी की डिग्गी में कोबरा सांप छिपकर बैठा हुआ था। सामान रखने के लिए जब युवक ने स्कूटी की डिग्गी खोली तो कोबरा फन फैलाकर खड़ा हो गया, जिसे देखकर युवक के रोंगटे खड़े हो गए। युवक तुरंत स्कूटी से दूर हट गया और तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी। स्कूटी की डिग्गी में से कोबरा के फन फैलाकर निकलने का स्कूटी चालक ने वीडियो भी बनाया है जो तेजी से वायरल हो रहा है।
देखें वीडियो-
गंजबासौदा के नवेली गांव में रहने वाला युवक अपनी स्कूटी की डिग्गी में जरुरी सामन रख रहा था। उसने जैसे ही डिग्गी खोली को कोबरा सांप फन फैलाकर खड़ा हो गया। कोबरा को देखते ही युवक के पसीने छूट गए और वो स्कूटी से दूर हट गया। युवक ने तुरंत स्नेक कैचर शिवम शर्मा को सूचना दी, जिसके बाद कुछ देर में स्नेक कैचर शिवम शर्मा मौके पर पहुंचे और स्कूटी की डिग्गी में छिपे कोबरा का रेस्क्यू शुरू किया।
स्नेक कैचर शिवम शर्मा जिस वक्त स्कूटी की डिग्गी में छिपे कोबरा का रेस्क्यू करने की कोशिश कर रहे थे तब कोबरा काफी गुस्से में था। इसी दौरान कोबरा ने स्नेक कैचर शिवम शर्मा को डस भी लिया लेकिन फिर भी शिवम शर्मा ने कोबरा का रेस्क्यू कर उसे एक डिब्बे में बंद किया। इसके बाद स्नेक कैचर शिवम शर्मा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार में हालत में सुधार न होने पर उन्हें जिला अस्पताल विदिशा रेफर कर दिया गया। विदिशा जिला अस्पताल में शिवम शर्मा का इलाज हुआ और अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटना 4-5 दिन पुरानी बताई गई है जिसका वीडियो मंगलवार 14 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।
Updated on:
14 Jul 2026 04:49 pm
Published on:
14 Jul 2026 04:47 pm
