19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘भागो-भागो बोलकर निकाला चाकू फिर आंखे बंद कर दी…’ विदिशा में मॉर्निंग वॉक के समय लूटी चेन

Chain-snatching incident: विनीता ने बताया कि एक युवक पीछे से आया और उसने उनकी आंखें बंद कर दीं। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन युवक ने हाथ नहीं हटाया...

2 min read
Google source verification
Chain-snatching: महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात (Photo Source: AI Image)

Chain-snatching: महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात (Photo Source: AI Image)

Chain-snatching: एमपी के विदिशा जिले में सिविल लाइन थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात हो गई। महिला के विरोध करने पर बदमाश ने उन्हें चाकू दिखाकर डराने का प्रयास किया। छीनाझपटी के दौरान चेन टूट गई और आरोपी उसका आधा हिस्सा लेकर फरार हो गए। घटना में उसके दो अन्य साथी भी शामिल थे। तीनों आरोपी एक्टिवा से मौके से भाग निकले।

घात लगाकर खड़े थे युवक

पीड़ित महिला की पहचान विनीता गोयल के रूप में हुई है। उनके पुत्र अनुराग गोयल ने बताया कि विनीता गोयल रोज की तरह अपनी सहेली के साथ सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। घटना डॉक्टर पितलिया रोड से लौटते समय रामजी मिठाई की दुकान के पास हुई, जहां तीन युवक एक्टिवा पर पहले से घात लगाकर खड़े थे।

विनीता ने बताया कि एक युवक पीछे से आया और उसने उनकी आंखें बंद कर दीं। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन युवक ने हाथ नहीं हटाया और उनके गले से चेन खींचने लगा। उन्होंने चेन पकड़कर विरोध किया। विरोध के दौरान आरोपी ने उन्हें धŒक्का देकर गिरा दिया। महिला ने बदमाश को लात मारकर रोकने का प्रयास भी किया।

पेंडेंट महिला के हाथ में रह गया

इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर उन्हें डराने की कोशिश की। छीना-झपटी में चेन बीच से टूट गई। घटना में महिला के हाथ और गले में चोटें भी आई हैं। चेन का एक हिस्सा और पेंडेंट महिला के हाथ में रह गया, जबकि आरोपी आधी चेन लेकर फरार हो गए। कुछ दूरी पर उनके दो साथी एक्टिवा लेकर खड़े थे। इसके बाद तीनों आरोपी वाहन पर सवार होकर होमगार्ड कार्यालय की ओर बाग निकले।

सीसीटीवी में दिखे आरोपी

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पीड़ितों ने परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि घटना के समय सड़क पर लोग मौजूद थे, लेकिन शोर मचाने के बावजूद कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि घटना से संबंधित कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

3 साल में चेन स्नेचिंग की 11 वारदातें

पुलिस के अनुसार शहर के दोनों थाना क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान चेन स्नेचिंग की करीब 11 वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से अधिकांश मामले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामने आए हैं। ताजा मामला पिछले महीने इसी थाना क्षेत्र के रंगई ओवरब्रिज पर सामने आया था, जहां चलते वाहन से एक महिला के गले से चेन खींच ली गई थी। घटना को दो बाइक सवार आरोपियों ने अंजाम दिया था, जो बाद में सांची की ओर फरार हो गए थे। हालांकि अब तक उस मामले का खुलासा नहीं हो सका है।