
रात होते ही तापमान में गिरावट और सुबह-शाम चल रही सर्द हवाओं से लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर परिषद द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अब तक अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में लोग कचरा और टायर जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
नगर में स्वास्थ्य केंद्र, बस स्टैंड, तारादेही चौराहा, थाना परिसर के सामने, कृषि मंडी सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों और जरूरतमंदों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शाम ढलते ही लोग ठंड से बचने के लिए आग की तलाश करते नजर आते हैं। कहीं लोग निजी खर्चे से अलाव जला रहे हैं तो कहीं कचरा एकत्रित कर आग तापने को मजबूर हैं।
नगर के सुनील, नरेंद्र साहू, मोनू सोनी, छोटू केवट, राज रैकवार, भरत रजक और भागीरथ रजक ने बताया कि हर साल नगर परिषद द्वारा बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए जाते थे, लेकिन इस वर्ष अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। रात में बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों और उन्हें लेने आने वाले परिजनों को ठंड में काफी देर तक खड़े रहना पड़ता है।
ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब, असहाय और खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले लोगों पर पड़ रहा है। नगर में मुन्ना चाय दुकान के पास सुबह चार बजे से ही यात्री बसों का इंतजार करने वाले लोग अलाव की तलाश में पहुंचते हैं। व्यवस्था नहीं होने पर लोग आसपास का कचरा एकत्रित कर आग जलाते हैं। मूक पशु भी ठंड से बचने के लिए आग के आसपास खड़े नजर आते हैं।
इस संबंध में नगर परिषद सीएमओ प्रेम सिंह चौहान ने बताया कि शुक्रवार से नगर के सभी निर्धारित स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों को निर्देशित कर दिया गया है।