हत्या के संदिग्ध ने पुलिस अभिरक्षा में धारदार वस्तु से खुद को पहुंचाई चोट, आंतें आईं बाहर, करनी पड़ी सर्जरीकर्रापुर में बोरे में मिले शव के मामले में पुलिस ने संदिग्धों को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया था। इस दौरान संदिग्ध हरिशंकर अहिरवार ने खुद को धारदार वस्तु से जख्मी कर लिया। पेट में […]
हत्या के संदिग्ध ने पुलिस अभिरक्षा में धारदार वस्तु से खुद को पहुंचाई चोट, आंतें आईं बाहर, करनी पड़ी सर्जरी
कर्रापुर में बोरे में मिले शव के मामले में पुलिस ने संदिग्धों को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया था। इस दौरान संदिग्ध हरिशंकर अहिरवार ने खुद को धारदार वस्तु से जख्मी कर लिया। पेट में चोट पहुंचाने से उसकी आंतें बाहर आ गईं। उसे तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सर्जरी की। इधर, मृतक के परिजन का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने बंडा के बरा चौराहे पर सड़क पर शव रखकर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनके मकान गिराने की मांग की।
मृतक के परिजनों के आरोपों के आधार पर हत्या कर शव बोरे में भरकर फेंकने के मामले में गांव के ही संदिग्ध हरिशंकर को शनिवार को अभिरक्षा में लिया था। पुलिस रविवार सुबह उसे बीएससी लेकर पहुंची तब उसके जख्मी होने का पता चला। रविवार सुबह डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी आंतें पेट में की। दोपहर तीन बजे उसे सर्जरी वार्ड में शिफ्ट किया गया।
पुलिस का कहना था कि संदिग्ध को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। उसे हार्निया और गैस की समस्या है। इसी वजह से उसका पेट फूला और नाभी के यहां से खून आने लगा। इसलिए उसे अस्पताल लेकर गए। हरिशंकर के रिश्तेदार भूपेंद्र निवासी बड़ी नदी क्षेत्र ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने उन दोनों को थाने बुलाया था। पुलिस हरिशंकर को बिलहरा भी लेकर गई थी। मैं रात में सो गया था। पता नहीं कब हरिशंकर वापस आए। न जाने थाने में क्या हुआ कि हरिशंकर के पेट से आंतें बाहर आ गईं।
जानकारी के अनुसार आरोपी को संदेह था कि मृतक महेंद्र के अवैध संबंध किसी महिला से हैं। इसी बात को लेकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस मामले का जल्द खुलासा करने की बात कह रही है।
रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। उन्होंने बंडा के बरा चौराहे पर शव रख चक्काजाम कर दिया। जब पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी तो वे शव लेकर हाईवे पर पहुंच गए। वहां प्रदर्शन किया। आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया।
संदिग्ध को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था, इसी दौरान पुरानी बीमारी के चलते पेट में दर्द उठा इसलिए इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- योगेंद्र सिंह, डीएसपी राहतगढ़