
नगर पालिका के बाहर प्रदर्शन करती हुईं पार्षद सहित अन्य महिलाएं। फोटो-पत्रिका
बीना. राजीव गांधी वार्ड स्थित वृंदावनधाम कॉलोनी और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। खुदाई करते समय दो दिन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। रविवार को लाइन तो सुधार दी गई थी, लेकिन जब सप्लाई चालू की तो उसमें से नाली का गंदा पानी पहुंचा, जो उपयोग लायक नहीं था। ऐसा ही गंदा पानी सोमवार की सुबह भी नलों में आया, जिससे महिलाएं गंदा पानी लेकर नगर पालिका पहुंची और आक्रोश जताया।
जानकारी के अनुसार पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पहले दो दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो रही थी, जिससे गर्मी के मौसम में लोग पानी के लिए परेशान होते रहे। पाइप लाइन सही होने के बाद रविवार की सुबह पानी की सप्लाई होने पर लोगों को उम्मीद थी कि परेशानी से निजात मिल जाएगी, लेकिन नाले का गंदा पानी आने से लोगों की टंकियां गंदी हो गईं। पानी में दुर्गंध आ रही थी, जिससे लोगों ने सडक़ों पर पानी बहा दिया। यदि इस पानी का कोई उपयोग कर लेता, तो इंदौर जैसे हालात हो जाएंगे। रविवार को नगर पालिका ने फिर लीकेज का सुधार कराया था, लेकिन सोमवार की सुबह स्थिति जस की तस रही। इसके बाद गांधी वार्ड की भाजपा पार्षद भारती राय के साथ महिलाएं गंदा पानी लेकर नगर पालिका पहुंचे और सुधार न होने पर आक्रोश जताया। पार्षद का कहना था कि चार दिन से लोग परेशानी हैं, लेकिन नगर पालिका सुधार नहीं कर पाई है। नगर पालिका की लापरवाही से इंदौर जैसी घटना होने की आशंका बनी हुई है। पार्षद ईश्वर दुबे ने भी गंदा पानी आने की शिकायत सीएमओ से की है और लाइन सुधारने के लिए कहा है, जिससे लोगों को परेशानी न हो।
पानी के लिए हो रहे परेशान
कॉलोनीवासियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है और नगर पालिका से कोई व्यवस्था भी नहीं की जा रही है। जिन लोगों के पास ट्यूबवेल हैं लोग वहां से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।
डाली जाएगी नई लाइन
पुरानी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, इसलिए नाली निर्माण के बाद नई लाइन डाली जाएगी, जिससे लीकेज की समस्या नहीं होगी। तब तक कॉलोनी में टैंकरों से पानी की व्यवस्था कराई जाएगी।
जयदीप शाक्यवार, उपयंत्री, नगर पालिका, बीना
Published on:
13 Apr 2026 12:17 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
