12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजकीय विवि उधार के भवन में विधि विभाग खोलने की तैयारी में, आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के जर्जर हिस्से के 5 कमरे स्वीकृत

दो वर्षों से सामाजिक न्याय विभाग के भवन में संचालित रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय अब अपने विधि शिक्षण विभाग को आरंभ करने के लिए भी भवन उधार ले रहा है। इसके लिए आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के जर्जर हिस्से के पांच कमरे स्वीकृत किए गए हैं। अब मान्यता मिलने से पहले इसका जीर्णोद्धार किया जाएगा।विधि […]

2 min read
Google source verification

सागर

image

Rizwan ansari

Apr 12, 2026

दो वर्षों से सामाजिक न्याय विभाग के भवन में संचालित रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय अब अपने विधि शिक्षण विभाग को आरंभ करने के लिए भी भवन उधार ले रहा है। इसके लिए आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के जर्जर हिस्से के पांच कमरे स्वीकृत किए गए हैं। अब मान्यता मिलने से पहले इसका जीर्णोद्धार किया जाएगा।
विधि पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए विश्वविद्यालय की तरफ से बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता के लिए आवेदन भी कर दिया है। मान्यता मिलती है तो आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज की बिल्डिंग में विधि विभाग शुरू होगा। बता दें कि राजकीय विश्वविद्यालय के लिए चिन्हित जमीन का पिछले दो वर्षों से भूमिपूजन नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपए सैद्धांतिक स्वीकृति मिली थी।

भौतिक निरीक्षण करने जल्द आएगी बार काउंसिल की टीम

रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय को लॉ पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए एक अलग भवन की जरूरत है। इसमें सभी सुविधा होनी चाहिए। विश्वविद्यालय ने मान्यता प्राप्त करने के लिए दो तरह की फीस भरी हैं। वर्तमान में दमोह व बीना का लॉ कॉलेज विश्वविद्यालय से संबंध है। इसके अलावा विश्वविद्यालय में 3 वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम व बीए एलएलबी 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम के लिए करीब 8 लाख रुपए की फीस भरी गई है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिस स्थान पर कोर्स शुरू हो रहा है वहां भौतिक निरीक्षण भी बार काउंसिल ऑफ इंडिया से गठित टीम करेगी। यदि नियमानुसार सभी व्यवस्थाएं मिली तभी लॉ कोर्स के लिए मान्यता मिलेगी।

बारिश का टपक रहा पानी, 90 लाख से होगा जीर्णोद्धार

आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज ने लॉ विभाग शुरू करने के लिए पांच कमरों की स्वीकृति दी है। जिस भवन में कक्षाएं लगाई जाएंगी, उसमें अभी बारिश के समय पानी टपकता है। बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। विधि पाठ्यक्रम के लिए यहां प्राचार्य कक्ष, मूट कोर्ट, पुस्तकालय व स्टाफ कक्ष बनाना पड़ेगा। केवल 5 कमरों में ये सुविधाएं शुरू होना मुश्किल है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने बताया कि भवन के जीर्णोद्धार प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा परियोजना के तहत 90 लाख की राशि से स्वीकृत की गई है। दो माह में भवन का जीर्णोद्धार हो जाएगा। भवन निर्माण के बाद विश्वविद्यालय इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधाएं जुटाएगा।

विधायक ने विधि विभाग के कक्षों का किया निरीक्षण

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने महाविद्यालय में विधि विभाग की कक्षाओं के अस्थायी संचालन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं के स्थल चयन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए, ताकि आवश्यक सुधारों को समय पर पूरा किया जा सके।

जल्द होगा भूमिपूजन

वर्तमान में रानी अवंतीबाई बाई राजकीय विश्वविद्यालय सामाजिक कल्याण विभाग के भवन में संचालित हो रहा है। विधि पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए यहां पर्याप्त जगह नहीं है। विश्वविद्यालय के भवन का निर्माण होने में समय लगेगा, इसलिए आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में कक्षाएं शुरू की जाएगी। मान्यता मिल जाने के बाद जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी।

प्रो. शक्ति जैन, कुलसचिव