
जैन शास्त्रों में जिनवाणी के कथन और प्रतिपादन की पद्धति को चार अनुयोगों में विभाजित किया गया है। इन चारों अनुयोगों का उद्देश्य एक ही है, लेकिन विषय को समझाने की शैली और कथन पद्धति अलग-अलग है। यह विचार निर्यापक मुनि समतासागर ने कुंडलपुर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
मुनिश्री ने कहा कि मंदिर में भगवान की वंदना करते समय तीन, चार और पांच पुंज चढ़ाने की परंपरा है। तीन पुंज चढ़ाते समय सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चारित्र का स्मरण किया जाता है। चार पुंज में चार अनुयोगों की भावना रहती है और पांच पुंज में अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय एवं साधु अर्थात पंच परमेष्ठियों का स्मरण किया जाता है। संख्या वही रहती है, लेकिन उसके पीछे जुड़े भाव और विचार अलग होते हैं। उन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर से संबंधित एक प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने आचार्यश्री की नौ व्यक्तियों के बीच की गई विधि को देखकर नौ अंक पर सट्टा लगाया और संयोग से जीत गया। उसके लिए नौ की संख्या का अर्थ धन कमाने का माध्यम था, जबकि धर्मात्मा व्यक्ति संख्याओं में आध्यात्मिक भाव देखता है। इससे स्पष्ट होता है कि संख्या से अधिक महत्वपूर्ण उसके पीछे जुड़ी भावना और दृष्टिकोण है।
मुनि श्री ने प्रथम अनुयोग अर्थात प्रथमानुयोग की व्याख्या करते हुए कहा कि यह कथाओं, चरित्रों और पुराणों के माध्यम से धर्म का प्राथमिक उपदेश देने वाली पद्धति है। किसी व्यक्ति को कोई गूढ़ सिद्धांत समझाना हो तो उदाहरण और कथा के माध्यम से उसे आसानी से समझाया जा सकता है। कथानकों में महापुरुषों के जीवन, उनके पुण्य-पाप, पूर्व जन्मों के संस्कार तथा कर्मों के उदय का वर्णन मिलता है। इनके माध्यम से व्यक्ति को अच्छे-बुरे का विवेक प्राप्त होता है। प्रथमानुयोग के ग्रंथ केवल मनोरंजन के लिए पढ़ी जाने वाली कहानियां नहीं हैं, बल्कि उनमें जीवन का गहरा दर्शन और मोक्षमार्ग का संदेश समाहित है।