सागर

जनता भी गड्ढों पर धैर्य रखे…नगर पालिका को डामरीकरण के टेंडर का इंतजार, इसलिए नहीं भरे जा रहे गड्ढे

सड़क मरम्मत की मांग को लेकर कांग्रेस कर चुकी है प्रदर्शन, लोगों ने ज्ञापन सौंपकर की थी मांग, फिर भी अधिकारी कर रह अनदेखी, गड्ढों में वाहन हो रहे अनियंत्रित

2 min read
Mar 22, 2026
इस स्थिति में पहुंच गई है सड़क। फोटो-पत्रिका

बीना. शहर के मुख्य स्टेशन रोड, जिसपर चौबीसों घंटे छोटे और भारी वाहनों का दबाव है। इसी रोड पर बिलगैंया मंदिर के सामने पुलिया पर दोनों ओर बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन निकालने में दिक्कत हो रही है, लेकिन नगर पालिका धैर्यवान बनी है और डामरीकरण के टेंडर का इंतजार कर रही है, जिससे मरम्मत तक नहीं कराई जा रही है।
दरअसल शहर के मुख्य मार्ग पर पांच करोड़ रुपए से डामरीकरण होना है और इसके लिए टेंडर हो चुका है। अधिकारी यहां डामरीकरण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं और गड्ढों की मरम्मत कराने में भी कतरा रहे हैं। जबकि यहां हर दिन सैकड़ों वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। यदि मरम्मत करा दी जाए तो डामरीकरण करते समय भी सुविधा होगी। पुलिया पर गड्ढे बारिश के समय से हैं, लेकिन तब से अभी तक मरम्मत नहीं हो पाई है। जबकि मरम्मत की मांग को लेकर कांग्रेस दो बार प्रदर्शन कर चुकी है और अन्य लोग भी ज्ञापन सौंप चुके हैं।

पुलिया बनाते समय ही किया गया घटिया निर्माण
पुलिया का निर्माण दो वर्ष पहले ही हुआ है। पुलिया के दोनों तरफ अच्छे से पुराव न होने के कारण कुछ दिनों बाद ही रोड धंसने लगा था। इसके बाद मरम्मत के नाम पर रस्मअदायगी की गई थी, जिससे यहां बार-बार गड्ढे हो रहे हैं और इसका खामियाजा वाहन चालक भुगत रहे हैं।

अनियंत्रित हो जाते हैं वाहन
पुलिया में बने गड्ढों में गिरकर वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। सबसे ज्यादा खतरा यहां ऑटो और इ-रिक्शा को है, जिनके गड्ढे में गिरने से पलटने का डर बना रहता है। यदि तेज गति में ऑटो या रिक्शा निकाल दिया जाए, तो हादसा हो जाएगा।

आसपास के दुकानदारों ने कहा यह वीआइपी रोड है
गड्ढों के कारण उड़ रही धूल से आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि अधिकारी इसे शहर का वीआइपी रोड मानते हैं, लेकिन मरम्मत नहीं करा पा रहे हैं। जबकि यहां से मंत्री, अधिकारी सभी निकलते हैं।

ठेकेदार से एग्रीमेंट होना है
डामरीकरण के लिए टेंडर हो चुका है और ठेकेदार से एग्रीमेंट होना शेष है, जो जल्द हो जाएगा। इसके बाद काम शुरू होगा।
जयदीप शाक्यवार, उपयंत्री, नगर पालिका

Published on:
22 Mar 2026 12:10 pm
Also Read
View All

अगली खबर