रात में जहरीले कीड़ों के काटने का रहता है डर, मच्छरों के काटने से हो रहे बीमार, प्रदर्शन की दी चेतावनी
बीना. बारिश के मौसम हो रही बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं और शिकायत करने बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंच रहे हैं। इसके बाद भी समस्या हल नहीं हो रही है। शुक्रवार को लहरावदा गांव के लोगों ने डीइ को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कम लोड वाला ट्रांसफार्मर लगा होने और तार झूलने से बार-बार लाइन फाल्ट हो जाती है। रात के समय पूरे गांव में अंधेरा छा जाता है। बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और घरों में जहरीले कीड़े भी पहुंच जाते हैं, जिससे खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने 100 केवी का ट्रांसफार्मर रखवाने और तारों की मरम्मत कराने की मांग की है। पूर्व में भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन सुधार नहीं हुआ है। ज्ञापन सौंपने वालों में दशरथ अहिरवार, दलीप, विक्रम सिंह, जगदीश, सुरेन्द्र, रतनसिंह, चंद्रभान, हरिओम, दीपेश लोधी, अरविंद आदि शामिल हैं।
बिजली ट्रिपिंग की आ रही समस्या
अधिकांश गांवों में बारिश में बिजली ट्रिपिंग की समस्या से ग्रामीण पेरशान हैं। बिजली गुल होने पर कभी आधा घंटा, तो कभी एक घंटा बाद बिजली सप्लाई चालू होती है। रात के समय सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बारिश में मच्छर ज्यादा होने से लोग बीमार हो रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व खंभा टूटने से रुसल्ला, सोसायटी, मालखेड़ी, पीपरखेड़ी आदि गांवों की चौबीस घंटे वाली सप्लाई बंद रही है। बार-बार शिकायत करने के बाद पंद्रह दिन बाद सप्लाई शुरू हो सकी है।
सुधार नहीं हुआ, तो करेंगे आंदोलन
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि इंदर सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की समस्या ज्यादा आ रही है। हल्की बारिश होते ही बिजली कट कर दी जाती है। यदि इसमें सुधार नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने मजबूर होंगे।
किया गया है सुधार
मेंटेनेंस कार्य कर ट्रिपिंग की समस्या को हल किया गया है, कुछ जगहों पर समस्या है, जिसमें जल्द सुधार किया जाएगा। लहरावदा में लोड बढ़ाकर ट्रांसफार्मर रखने स्वीकृति लेनी होगी।
विशाल तोमर, एइ, ग्रामीण क्षेत्र