
बीना. शहर में दिनों दिन चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चोरों में पुलिस का डर न होने की वजह से अब तो चोर पुलिस थाने के पास ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में पीछे नहीं हट रहे हैं। बुधवार की रात में कुछ चोरों ने एक सराफा दुकान का ताला तोडकऱ दुकान से करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात व सात हजार रुपए नकद चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार अनिल पिता श्यामलाल सोनी (52) निवासी कटरा वार्ड की सराफा दुकान पुलिस थाने के पीछे थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर है। जहां पर कुछ चोरों ने रात करीब एक बजे ताला तोडकऱ अंदर से शटर को बंद कर लिया। चोरों ने दुकान में रखे करीब डेढ़ किलो से ज्यादा चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा बेटी की शादी में जरूरत के लिए व्यापारी ने करीब सात हजार रुपए के नए नोट एकत्रित किए थे, वो भी चोरी चले गए। सुबह करीब नौ बजे सराफा व्यापारी का बेटा दुकान पर पहुंचा, तो वहां पर दुकान के ताले टूटे मिले। उसने इसके बारे में अपने पिता को बताया जो मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के लिए फिंगर प्रिंट की टीम को बुलाया, जिसमें सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार व आरक्षक रविन्द्र राजपूत मौके पर पहुंचे और चोरों के फिंगर प्रिंट एकत्रित किए।
एक अन्य दुकान पर भी किया चोरी का प्रयास
चोर यही नहीं माने और चोरी करने के बाद बीस कदम दूर एक अन्य सराफा दुकान में चोरी करने के लिए ताला तोडऩे का प्रयास करते रहे, लेकिन ताला न टूटने से वह आगे चले गए। इस दौरान पास में लगे एस सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गए, कैमरे में करीब चार चोर दिखाई दे रहे हैं।
नानक वार्ड में भी एक घर में हुई चोरी
नानक वार्ड में चोरों ने एक घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यहां पर कल्लूराम पिता देशराज विश्वकर्मा (30) निवासी नानक वार्ड के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए एक सोने का हार, चार चांदी के सिक्के व एक गुल्लक चोरी कर ले गए, जिसमें भी रुपए थे।