सागर

ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों से वसूला डेढ़ करोड़ का जुर्माना, फिर भी कायदे-कानून ठेंगे पर

बाइक सवारों के खिलाफ जनवरी से अक्टूबर के बीच 15,422 मामले बनाए गए। सबसे ज्यादा प्रकरण हेलमेट बिना ड्राइविंग करने के हैं।

2 min read
Nov 09, 2017
traffic rules breaking fine in sagar

सागर. 10 माह, साढ़े 23 हजार वाहन और डेढ़ करोड़ रुपए का जुर्माना। जी हां... पुलिस ने यह कार्रवाई की है लेकिन ट्रैफिक नियमों की फिर भी हर रोज सड़कों पर धज्जियां उड़ रही हैं। सड़कों पर देखकर अब तो ऐसा लगता है कि वाहन चालकों ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना अपनी आदत बना ली है। खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी के चलते हादसों की संख्या में भी इजाफा हुआ है, लेकिन जितनी अनदेखी वाहन चालक कर रहे हैं उतनी ही बेफिक्र कार्रवाई करने वाली एजेंसियां भी हैं।

15 हजार बाइकर्स पर की कार्रवाई
बाइक सवारों के खिलाफ जनवरी से अक्टूबर के बीच 15,422 मामले बनाए गए। सबसे ज्यादा प्रकरण हेलमेट बिना ड्राइविंग करने के हैं। इस अवधि में ट्रैफिक पुलिस के अलावा थानों स्तर पर 11591 बाइक सवारों से हेलमेट न लगाने पर 28.97 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया, जबकि तीन सवारी बैठान व नंबर प्लेट न होने पर 3831 बाइक सवारों पर 19.15 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया।

ये भी पढ़ें

news around the sagar 8 nov 2017 : सचिव ने अपनी पत्नी-रिश्तेदारों को फर्जी तरीके से बना दिया गरीब, निलंबन की गिरी गाज

सिर्फ 51 कार चालकों पर सख्ती
परिवहन विभाग में जिले में करीब 8 हजार कार रजिस्टर्ड हैं इनमें से करीब आधी कार शहरी क्षेत्र की हैं। जिले भर में बहुत ही कम लोग सीट बेल्ट लगाकर कार ड्राइव करते हैं। चौराहे से गुजरती कारों में ड्राइव करने वाले व्यक्ति द्वारा सीट बेल्ट न लगा होने पर भी छोड़ दिया जाता है। सागर में 8 हजार कार सड़कों पर दौडऩे के बावजूद जनवरी से अब तक केवल ५१ कार चालकों पर सीट बेल्ट न लगाने संबंधी कार्रवाई की गई है जबकि हकीकत हर किसी के सामने है।

अधिकारी भी नहीं लगाते सीट बेल्ट
ट्रैफिक के नियमों का उल्लंघन केवल सामान्य वाहन चालक ही नहीं करते जिन पर नियम का पालन कराने का दायित्व है वे भी इनके प्रति बेरुखी भरा रवैया रखते हैं। शहर में तैनात पुलिसकर्मी ही नहीं प्रशासनिक अधिकारी भी सीट बेल्ट लगाकर नहीं चलते। सीट बेल्ट के प्रति आम आदमी से लेकर अधिकारियों की अरुचि किसी भी चौक-चौराहे पर खड़े रहकर देखी जा सकती है।

बीमा रिन्यू कराए बिना दौड़ रहीं पुरानी बाइक
बाइकों का बीमा रिन्यू कराने के मामले में सागर के लोग सबसे ज्यादा उदासीन हैं। ट्रैफिक पुलिस व परिवहन विभाग के अनुसार जिले में 65 फीसदी से ज्यादा पुरानी बाइकों का बीमा रिन्यू ही नहीं कराया जाता। स्थिति यह है कि जिले भर में दौड़ती एक लाख से ज्यादा बाइकों में से 65 फीसदी पुरानी बाइक बीमा के बिना ही चल रही हैं। बाइक सवार पकड़े जाने पर दो-ढाई सौ का जुर्माना चुकाकर निकल जाते हैं जबकि बीमा के प्रति अनदेखी लोगों के लिए घातक है।

संजय खरे, डीएसपी ट्रैफिक से सीधी बात
सवाल- ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर वाहन चल रहे हैं, क्या कार्रवाई में सख्ती नहीं बरती जा रही ?
जवाब- पुलिस महकमा लगातार अभियान चला रहा है, इसी का नतीजा है कि इतनी बड़ी संख्या में कार्रवाई सामने हैं।
सवाल- नियम विरुद्ध मिलने वाले वाहनों पर केवल जुर्माना लगाकर कार्रवाई की इतिश्री हो जाती है ?
जवाब- जिन धाराओं में कार्रवाई का अधिकार है केवल उन्हीं के तहत निर्धारित कार्रवाई की जा सकती है। ड्रंक ड्राइव व ओवरलोडिंग सहित कुछ प्रमुख मामलों में कोर्ट चालान भी बनाए जाते हैं।
सवाल- बार-बार नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों की पहचान के लिए पुलिस के पास क्या
इंतजाम हैं?
जवाब- नहीं, अभी इस तरह की व्यवस्था तो नहीं है लेकिन जल्द ही एेसा मैकेनिज्म तैयार करने की कवायद की जा रही है।

ये भी पढ़ें

notbandi : भूखे-प्यासे फिरत रेत ते दिनभर, एक दिना तो मोड़ी-मोड़ा खों भी लाइन में लगा दव तो…
Published on:
09 Nov 2017 09:17 pm
Also Read
View All