पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद निगम कमिश्नर ने दिखाई सख्ती, मातहतों से कहा।
सागर. जलप्रदाय विभाग की व्यवस्थाएं बहुत खराब हैं। पेयजल पाइपलाइनों में जगह-जगह लीकेज हैं। तत्काल सुधरवाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लीकेज के रूप में कहीं पर भी पानी व्यर्थ बहता दिखा तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई करेंगे। जिन वार्डों में दूषित पानी के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन वार्ड के लोगों से लिखवाकर लाएं कि आपको अच्छा पानी मिलने लगा है, तभी आपका काम सही माना जाएगा। यह बात बुधवार को निगम में आयोजित टीएल की बैठक में आयुक्त अनुराग वर्मा ने कही। बुधवार को निगमायुक्त ने बैठक ली और अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई। कहा अवैध नल कनेक्शनों का सर्वे शुरू करें। निगमायुक्त ने बीते दिनों में पत्रिका द्वारा उठाई गई शहर की समस्याओं पर संज्ञान लिया और अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिए।
विभागवार दिए निर्देश
छठ पूजा के अवसर पर बुधवार की रात एवं गुरुवार की सुबह चकराघाट पर साफ -सफाई कराने एवं तालाब के चारों ओर जमा हुए कचरे को हटाने के निर्देश दिए।
निगम के सभी इंजीनियरों को अपने-अपने वार्डों का निरीक्षण करने व स्वच्छता सर्वेक्षण में पूर्वानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण शाखा, बाजार विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की शिकायतों का शिकायतकर्ता से संपर्क कर तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि अगर शिकायतों के संबंध में रैंकिंग बढ़ी तो प्रभारी सहायक आयुक्त एसपी धुर्वे पर भी कार्रवाई की जाएगी।
एनयूएलएम शाखा के तहत आर्थिक कल्याण एवं स्वरोजगार योजना का लाभ दिलाने के लिए हितग्राहियों के प्रकरण लक्ष्यानुसार बैंकों में न भेजने पर नाराजगी व्यक्त की।
पेड पार्किंग का विषय एमआईसी में भेजने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में उपायुक्त आरपी मिश्रा, प्रभारी उपायुक्त डॉ.प्रणय कमल खरे, सहायक आयुक्त एसपी धुर्वे, सुरेखा जाटव, सहायक यंत्री राजेन्द्र दुबे, पूरनलाल अहिरवार, स्वास्थ्य अधिकारी राजेश सिंह राजपूत, प्र.सहायक यंत्री संजय तिवारी समेत अन्य की उपस्थिति रही।