
सागर. नगर निगम में बैठे अफसरों और जनप्रतिनिधियों की राजघाट के पानी के मामले में अब तक की सबसे बड़ी लापरवाही सामने आई है। निगम प्रशासन राजघाट बांध से शहरवासियों को ४८ घंटे में सिर्फ १ घंटे ही जलापूर्ति कर रहा है। इसके बावजूद निगम प्रशासन ने घरों के नल कनेक्शनों में ही पानी के मीटर लगाए हैं, जबकि बल्क सप्लाई वाले स्थानों पर पानी के मीटर लगाए जाने थे। निगम परिषद ने इस मामले में निर्णय भी लिया था लेकिन आज तक अधिकारियों ने इस नियम के पालन में कोई प्रयास नहीं किए हैं।
ये है लापरवाही
शहर में पानी के मीटर तब लगाए जाने थे जब निगम उपभोक्ताओं को २४ घंटे सातों दिन पानी देता लेकिन जिम्मेदारों ने अभी से मीटर लगवाकर लाखों रुपए उड़ा दिए हैं। राजघाट फेस-२ के तहत चौबीस घंटे सातों दिन पानी उपलब्ध कराने में निगम प्रशासन को करीब तीन से चार साल का समय लग सकता है जब तक ये मीटर जंग खाकर खराब भी हो सकते हैं।
अंदाज से कर रहे पानी की सप्लाई
मकरोनिया, केंट, सेना, रेलवे, डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय को निगम का जलप्रदाय विभाग अंदाज से पानी दे रहा है। सूत्रों की माने तो मकरोनिया के लिए सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित बॉल्व खुली रहती है जिसके कारण लाखों गैलन पानी प्रतिदिन इस क्षेत्र में पहुंचता है। यही हाल केंद्रीय विवि के साथ भी है, जिसके कारण निगम प्रशासन को राजघाट पर प्रतिदिन २४ में से १८ से २० घंटे की पंपिंग करनी पड़ती है।
ऐसे काम करेगा मीटर
1000 लीटर पानी निकलने पर एक प्वाइंट मूव करेगा।
मीटर में एक लीटर, दस लीटर, सौ लीटर और एक हजार लीटर के चार छोटे-छोटे मीटर हैं। ये मीटर मैकेनिकल कैटेगिरी के बताए जा रहे हैं।
आखिर क्यों चुप्पी साधे हैं जिम्मेदार
निगम में बैठे जनप्रतिनिधि और अफसर बल्क मीटर के मामले में चुप्पी क्यों साध गए हैं, यह बात लोगों को हैरान कर रही है। नाम न छापने की शर्त पर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बल्क सप्लाई पर मीटर लगने से किस संस्थान को कितना पानी दिया जा रहा है, इसकी मॉनीटरिंग होने लगेगी और उसके हिसाब से संबंधित संस्थानों को पैसा देना होगा। जलप्रदाय व राजस्व विभाग के अधिकारियों के फर्जीवाड़ा से इस मामले को परिषद के निर्णय के बाद भी टाला जा रहा है।
& यह मुद्दा गंभीर है। मंगलवार को ही इस मामले में ठोस कदम उठाएंगे। बल्क मीटर बड़े संस्थानों में लगना भी जरूरी हैं।
अभय दरे, महापौर
10
वार्डों के लिए खरीदे गए हैं 6400 मीटर
02
हजार है पानी के एक मीटर की कीमत
48
वार्डों में छह करोड़ रुपए के मीटर लगना है