
नहर का संचालन शुरू नहीं होने और पाइपलाइन के चैंबर टूटे पड़े होने से किसान परेशान हैं। सिंचाई के लिए किसानों को निजी कुओं और बोरवेल का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि बड़ी संख्या में किसान बांध सुजारा परियोजना के पानी के भरोसे फसल की तैयारी कर रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीपावली के बाद टूटे चैंबरों की मरम्मत कराकर नहर चालू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन नवंबर का अंतिम सप्ताह आने के बाद भी नहर संचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे खेतों में बोनी की तैयारी कर रहे किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। वहीं जिन किसानों ने रबी फसल की बोनी कर दी है, उन्हें भी समय पर पानी नहीं मिलने से फसल प्रभावित होने की चिंता सता रही है।
बांध सुजारा परियोजना की नहर से जतारा और पलेरा विकासखंड के गोवा, कपासी, कुड़ियाला, बराना, थर, रतवास, निवौरा, जरया, जिटकोरा, बम्होरी कला, टीला नरैनी, बरियन, खिरक, पठाघाट, बहादुरपुरा, सिमरा खुर्द, कनेरा सहित आसपास के गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद है। लेकिन नहर संचालन में हो रही देरी के कारण परियोजना का लाभ किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
किसानों का कहना है कि रबी फसल की बोनी और सिंचाई के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण है। यदि खेतों को समय पर पानी नहीं मिला तो फसल की वृद्धि और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। किसानों ने विभाग से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर नहर चालू करने की मांग की है।
इस संबंध में बांध सुजारा परियोजना के उपयंत्री उपेंद्र अहिरवार ने बताया कि नहर कब चालू होगी, इसकी तारीख उन्हें जानकारी नहीं है। इस संबंध में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। किसानों की समस्या को लेकर पत्रिका द्वारा लगातार उठाए जा रहे मामले के बाद हर बार अधिकारी आश्वासन दे रहे है, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया है।