सहारनपुर और देवबंद समेत तीन स्थानों पर जब्त की गई संपत्ति तीन माह के भीतर देना हाेगा जवाब कहां से लाए इतनी संपत्ति
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सहारनपुर. गुंडा एक्ट की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शहर के एक भूमाफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इसकी बीएमडब्ल्यू ( BMW car ) कार और एक ऑयल कंपनी समेत करोड़ों रुपये कीमत की कोठी को कुर्क कर लिया है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत सरकारी लिहाज से दो करोड़ से अधिक मानी जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य भूमाफियों में भी हड़कंप मच गया है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि विनोद शर्मा के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई हुई थी। इसके बाद पुलिस ने इसकी संपत्ति की जांच पड़ताल की तो इस पर अकूत संपत्ति पाई गई। सरकार के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी के आदेश पर अब इसकी संपत्ति काे कुर्क किया है।
सभी संपत्तियों पर सरकारी नोटिस (official notice) का बोर्ड चस्पा कर दिया गया है। जिलाधिकारी की अदालत में चल रहे वाद में अब इन्हे इस संपत्ति का मालिकाना हक दिखाना होगा। यह संपत्ति कहां से अर्जित की यह भी दिखाना होगा। यदि वह इस संपत्ति को साबित नहीं कर पाते हैं तो पूर्ण रूप से संपत्ति को कुर्क करके नीलाम कर दी जाएगी।