
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की सपा को बड़ी चेतावनी | फोटो सोर्स- patrika.com
Imran Masood Statement: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का पारा गरमा गया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी (सपा) को लेकर एक बड़ा बयान दे ड़ाला है। इमरान मसूद ने साफ- साफ कहा है कि देश के मौजूदा सियासी हालात को देखते हुए अगर छोटे दलों को अपना अस्तित्व बचाना है, तो उनके पास राहुल गांधी के साथ खड़े होने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है।
अक्सर अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले इमरान मसूद ने मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि वह किसी को ज्ञान नहीं दे रहे हैं। मसूद ने कहा कि मैं सपा को कोई नसीहत नहीं दे रहा हूं और न ही मैं खुद को इतना बड़ा नेता मानता हूं। मैं तो सिर्फ देश के मौजूदा हालात बता रहा हूं। सबको अपनी आंखें खोलकर सच्चाई देख लेनी चाहिए।
इमरान मसूद ने क्षेत्रीय पार्टियों को आगाह करने के लिए पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की राजनीति का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वहां जिस तरह छोटे दलों को निशाना बनाया गया और उन्हें खत्म करने की कोशिश की गई, उससे सबको सबक लेना चाहिए।
मसूद ने कहा कि आप खुद देख लीजिए कि बंगाल में क्या हुआ। महाराष्ट्र में जो छोटे-छोटे दल साथ थे या खिलाफ थे, उन्हें किस तरह नेस्तनाबूद कर दिया गया। अगर इस खतरे से बचना है, तो अब एक ही रास्ता है, वो है राहुल गांधी। इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) में आपसी अनबन और नेताओं के नाराज होने की खबरों पर इमरान मसूद ने कहा कि यह सब बीजेपी वालों का ही किया-धरा है। वो तो इस तरह की अफवाहों को टीवी पर भी चलवा देते हैं। अभी कुछ दिन पहले शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर भी ऐसी ही बातें उड़ाई जा रही थीं, लेकिन उन्होंने खुद सामने आकर सबको करारा जवाब दे दिया ना।
इमरान मसूद ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी दल का एक ही मकसद है कि देश में विपक्ष का नामोनिशान मिट जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चाहती है कि विपक्ष में भी उन्हीं का कोई आदमी बैठा हो। जो पार्टियां चुनाव जीतकर आती हैं, उन्हें भी तोड़ दिया जाता है। हालात ये हो गए हैं कि विपक्ष को तोड़कर उन्होंने अपना खुद का 'नेता प्रतिपक्ष' तक बना दिया। यानी संसद में विपक्ष का नेता भी उनका हो और पूरा विपक्ष भी उन्हीं के इशारे पर चले।
सरकार के काम करने के तरीके पर बड़ा सवाल उठाते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश में इस समय लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश हो रही है। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि बीजेपी देश में जिस तरह की राजनीति कर रही है, वह लोकतंत्र को रौंदने जैसा है। सबको यह बात समझनी होगी कि अगर देश से लोकतंत्र ही खत्म हो गया, तो आम आदमी के सारे अधिकार हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे।
Updated on:
14 Jun 2026 04:14 pm
Published on:
14 Jun 2026 03:52 pm
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
