माफिया अतीक अहमद की हत्या पर विपक्ष जहां योगी सरकार पर हमलावर है। वहीं भाजपा विधायक इसे योगी सरकार की उपलब्धि बता रहे है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजीव गुंबर ने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को योगी सरकार की उपलब्धि बताया है। दरअसल सहारनपुर से BJP की तरफ से डॉ अजय सिंह मेयर का चुनाव लड़ रहे है। भाजपा विधायक गुरुवार को उनके चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने वहां मौजूद लोगों से ये बातें कहीं।
अतीक-अशरफ को ऊपर पहुंचाया की नहीं…
सहारनपुर से भाजपा विधायक राजीव गुंबर ने गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए् कहा कि योगी सरकार ने अतीक को ऊपर पहुंचाया की नहीं, अशरफ को ऊपर पहुंचाया की नहीं, अब वक्त आ गया है कि सहारनपुर को भी अपराधियों से मुक्त किया जाए इसलिए चुनाव में अजय सिंह को जिताओं। भाजपा विधायक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
15 अप्रैल को प्रयागराज में हुई थी माफिया की हत्या
माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल की रात पुलिस कस्टडी में सरेआम गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को लेकर विपक्षी दल लगातार योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साध रहे हैं। बीजेपी के बड़े नेता इस मुद्दे पर कुछ कहने से बच रहे हैं। इस मामले को लेकर सरकार ने न्यायिक आयोग का गठन कर दिया है। कमेटी 2 महीने में अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी।
सपा नेता बोले वीडियों का संज्ञान ले कोर्ट
भाजपा विधायक के बयान पर समाजवादी पार्टी के नेता राजपाल सिंह ने कहा कि बीजेपी विधायक राजीव गुंबर राज्य सरकार के प्रतिनिधि हैं। उनके इस बयान से कई सवाल खड़े हो गए हैं। उनके बयान की जांच होनी चाहिए। अदालत को उनके इस वीडियो पर स्वत: संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
लगातार हमलावर है विपक्ष
माफिया अतीक अहमद की हत्या पर एक तरफ जहां सरकार के मंत्री बहुत कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं, विपक्ष लगातार हमलार है। माफिया की हत्या के बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट करके इसे प्रदेश में अपराध की पराकाष्ठा बताया था। तो वहीं बसपा ने इसे पुलिस अभिरक्षा में हत्या करार दिया था। बता दें कि माफिया अतीक अहमद पर 100 से ज्यादा आपराधिक केस दर्ज थे और वह 24 फरवरी को धूमनगंज इलाके में हुई उमेश पाल हत्याकांड में साजिशकर्ता था।