सहारनपुर

ईद को लेकर दारुल उलूम ने जारी किया ऐसा फरमान कि मच गया हड़कंप

दारुल उलूम में स्मार्ट फोन पर लगाई पाबंदी
2 min read
Aug 05, 2018
Feature image

सहारनपुर. फतवों की नगरी देवबंद से फिर एक ऐसा फतवा आया है, जिसे सुन आप भी हैरान रह जाएंगे। दरअसल, दारुल उलूम देवबंद ने शनिवार को संस्थान में छात्रों द्वारा परिसर में स्मार्ट फोन के इस्तेमाल पर पूर्णरूप से पाबंदी लगा दी है। दारुल उलूम के मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नौमानी ने नोटिस जारी करते हुए स्मार्टफोन को छात्रों के लिए नुकसानदायक बताया है। इतना ही नहीं उन्हाेंने संस्थान में ईद के बाद स्मार्ट फोन का इस्तेमाल करते पाए जाने पर संबंधित छात्र के खिलाफ निष्कासन की चेतावनी भी दी है। इस फरमान के बाद यहां शिक्षा ले रहे छात्रों में हड़कंप मच गया है।

अपने विवादित फतवों से लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश के दारुल उलूम देवबंद ने इस बार संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों को लेकर फरमान जारी किया है। दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नौमानी ने छात्रों के नाम जारी नोटिस में कहा कि छात्रों के लिए मल्टीमीडिया फोन का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित है। मल्टीमीडिया मोबाइल फोन उनकी पढ़ाई में बाधक साबित हो रहा है। इसलिए इस आदेश के बाद भी (तलबा) छात्र मल्टीमीडिया फोन का इस्तेमाल करते हुए मिलते हैं तो उनके खिलाफ प्रबंधन द्वारा निष्कासन तक की कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही तलबा को चेताया गया है कि आदेश की अवहेलना करने पर किसी की भी सिफारिश नहीं मानी जाएगी।

दारुल उलूम प्रबंधन ने जारी फरमान में तलबा को ईद-उल-अजहा की छुटि्टयों तक अपने-अपने मल्टीमीडिया मोबाइल शिक्षकों, संरक्षकों या परिजनों के सौंपने की हिदायत दी है। साथ ही कहा है कि ईद की छुटि्टयों के बाद किसी भी छात्र के पास मल्टीमीडिया मोबाइल मिलने पर उसका कोई तर्क मान्य नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त को ईद है। इस दौरान छात्रों की 10 दिनों की छुट्टियां पड़ेंगी।

Published on:
05 Aug 2018 09:37 am