केपी त्रिपाठी, मेरठ। कांग्रेस ने अब संघ की शाखाओं को जवाब देने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस अब राज्य के सभी जिलों में ऐसा काम करने जा रही है, जिससे वह संघ की प्रतिदिन लगने वाली शाखा को टक्कर दे सकेगी। यह कहना है कांग्रेसी जनआंदोलन कमेटी के प्रदेश सहसंयोजक और मेरठ कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी का। उन्होंने बताया कि अब संघ की शाखाओं के जवाब में कांग्रेस सेवा दल को उतारा गया है। कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता अब प्रदेश के सभी जिलों में सार्वजनिक स्थलों पर ध्वज-वंदन कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस को आम लोगों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उनका कहना है कि आरएसएस अपनी शाखा के माध्यम से लोगों को भाजपा से जुड़ने का आह्वान करती है। ध्वज वंदन कार्यक्रम में लोगों को एकत्र कर उनके साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेवा दल इस कार्यक्रम को मासिक आयोजन के तौर पर आयोजित करेगा।