सहारनपुर

एएसपी के जिला अध्यक्ष और भीम आर्मी के मंडल प्रभारी समेत 50 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

तोड़फोड़, फायरिंग करने और लोक शांति भंग करने के आरोप सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सबूत जुटाने शुरू किए
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2020, 3:02 PM IST
nagal.jpg
nagal

पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
सहारनपुर ( Saharanpur ) तोड़फोड़ करने जाम लगाने और लोक शांति भंग करने के आरोप में सहारनपुर पुलिस ( Saharanpur Police ) ने आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष और भीम आर्मी के मंडल प्रभारी समेत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज ( Case filed ) किया है। पुलिस अब इन सभी के खिलाफ सबूत जुटाने में लगी हुई है। इसके लिए घटना के समय के वीडियो फुटेज और फोटो खंगाले जा रहे हैं।

दरअसल मंगलवार को नागल थाना क्षेत्र के गांव सूभरी के दो युवकों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। दाेनाें युवक वासु और अनुज बाइक से जा रहे थे। नागल-सहारनपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने इन्हें चपेट में ले लिया था। इस दुर्घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया था। हालात इतने खराब हो गए थे कि लागल फतेहपुर गागलहेड़ी देवबंद और सदर बाजार समेत कई थानों का फोर्स मौके पर लगाना पड़ा था। यहां लोगों का गुस्सा पुलिस टीम पर भी उतरा था। कई घंटों तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद किसी तरह गुस्साए लोग शांत हो पाए थे। इसी मामले में नागल पुलिस ने 16 लोगों को नामजद करते हुए करीब 50 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

इनमें आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष और भीम आर्मी के मंडल प्रभारी भी शामिल हैं। नागल थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि भीम आर्मी के मंडल प्रभारी प्रवीण गौतम निवासी रामगढ़ के अलावा जिला प्रभारी विजय गौतम निवासी फतेहपुर आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल ओजस्वी निवासी मांडू वाला थाना फतेहपुर और जिला महासचिव अमान खान सबूरी ख्वाजा थाना नागल के समेत अजय कश्यप, अमन कश्यप, पुनीत, दीपक बोध, काशी मौर्य समेत करीब 50 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन लोगों ने मौके पर नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ की थी और फायरिंग भी की थी। इस दाैरान दाे कांस्टेबल घायल हो गए थे। इस कृत्य से लाेक शांति भंग हो गई थी और अफरा-तफरी मच गई थी। अब इन्हीं आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। सहारनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस चनापा ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है उनके खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस टीम को मौके पर कराई गई वीडियोग्राफी और स्टील फोटोग्राफी से मदद लेने के लिए कहा गया है।

Published on: