सहारनपुर

देवपाल राणा मर्डर केस में पत्नी ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीबीआई जांच की मांग

देवपाल राणा की पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
2 min read
Nov 27, 2017
saharanpur

देवबंद. रुड़की कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े हुई देवपाल राणा की हत्या के बाद उसका परिवार अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है और खौफ के साए में जी रहा है। देवपाल राणा की पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

बता दें कि 20 नवंबर को रुड़की के रामनगर कोर्ट में पेशी के लिए देवपाल राणा को लाया गया था। जहां कोर्ट परिसर में देवपाल राणा को पुलिस कस्टडी में ही सुबह 11:30 पर पिस्टल से लैस हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया था। इस हमले के दौरान देवपाल राणा को 12 गोली लगी थीं। साथ ही देवपाल राणा के बराबर में बैठे लतीफ, सतीश व अमित भी घायल हो गए थे। इस घटना के बाद से ही देवपाल राणा का परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। देवपाल राणा के बेटे अभय प्रताप राणा ने बताया कि मेरे पिता जी को जब पेशी के लिए रुड़की कोर्ट में लाया गया तो हमलावरो ने वहां उनकी हत्या कर दी। जबकि मेरे पिता जी के साथ जो गार्ड था वह वहां से भाग गया। अभय का कहना है कि उसकी मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से सुरक्षा की गुहार लगाई थी, मगर आज तक उस पर कोई अमल होता नजर नहीं आ रहा है। अब उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से अपने पिता की हत्या की घटना की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की है।

देवपाल राणा की पत्नी नीलम ने तारीख पर लेकर आ रहे गार्ड पर आरोप लगाया है कि मेरे पति के साथ 7 गार्ड थे, लेकिन उन्होंने बदमाशों के हमले का कोई भी जवाब नहीं दिया। इतना ही नहीं मीडिया में मेरे पति को अपराधी बताया जा रहा है। उन्‍होंने साफ किया कि मेरे पति पर केस जरूर लगे हैं, मगर आज तक कोई भी अपराध सिद्ध नहीं हुआ है। उन्‍होंने सीबीआई जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि जब मेरा पति कोर्ट में पुलिस कस्टडी में सुरक्षित नहीं रहा तो हम लोग घर पर कैसे सुरक्षित हो सकते हैं। हम लोग घर में भी डर के साये में जी रहे हैं।

Published on:
27 Nov 2017 09:19 am
Also Read
View All