
सहारनपुर। कोरोना वायरस ( Corona virus ) के खतरे ने वर्षों पुराने चले आ रहे रीति-रिवाजों को भी बदल दिया है। सहारनपुर में एक सगाई समारोह के दौरान लड़के को शगन के जोड़े के साथ मास्क और सैनिटाइजर भी मिला है। जब घर की महिलाओं ने इस बारे में पूछा तो वधू पक्ष ने यही बताया कि अब कोरोना संक्रमण ( COVID-19 virus ) से बचाना भी दामाद को उनकी जिम्मेदारी है और इसी क्रम में उन्होंने सैनिटाइजर और मास्क शगन के रूप में दिया है।
सहारनपुर की काेतवाली सदर बाजार क्षेत्र में स्थित हसनपुर कॉलोनी के रहने वाले विजय कुमार की रविवार को सगाई थी। सगाई समारोह के दौरान वधू पक्ष लड़के के लिए जो जोड़ा लेकर आया था उसमें अन्य अंग वस्त्रों के साथ-साथ मास्क भी दिया गया। यह देख समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि अब वाग्दान संस्कार में मास्क को भी आवश्यक अंग वस्त्र के रूप में जगह मिल गई है।
इसके अलावा एक दूसरा कारण यह भी माना गया कि कोरोना संक्रमण एक बड़ा खतरा बन गया है। इसी खतरे की आशंका को देखते हुए वर पक्ष की ओर से सगाई के जोड़े में दामाद को मास्क और सैनिटाइजर शगन के रूप में दिया गया है। मास्क और सैनिटाइजर देकर वधू पक्ष ने एक तरह से वर पक्ष को कोरोना संक्रमण के खतरे से सचेत करते हुए जागरूक रहने के लिए कहा है।
सगाई समारोह में निभाई गई यह परंपरा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे एक अच्छा कदम मान रहे हैं। इस सगाई के बाद अन्य लोगों में यह चर्चा भी हुई है कि दूसरी शादियों और सगाई में भी इस तरह का चलन शुरू होना चाहिए ऐसा करने से लोग जागरूक होंगे और कोरोनावायरस को फैलने से रोकने में भी मदद मिलेगी।