Delhi Blast : डॉक्टर आदिल की गिरफ्तारी के बाद जिन दो डॉक्टर को फोर्स लीव पर भेजा गया था उन्होंने बुधवार को फिर से हॉस्पिटल ज्वाइन कर लिया है।
Delhi Blast सहारनपुर के फेमस हॉस्पिटल से गिरफ्तार डॉक्टर आदिल अपनी मां की बीमारी का बहाना लेकर पिछले दिनों छुट्टी गया था। आशंका है कि इस दौरान उसने अपना आतंकी कनेक्शन मजबूत करने के साथ-साथ अपने खिलाफ सबूतों को खत्म करने की कोशिश की होगी। डॉक्टर आदिल का पांच लाख रुपये महीना वेतन था। अपना वेतन लेकर वह मां की बीमारी और अपनी शादी की बात कहकर गांव चला गया था। अनंतनाग में जब इसके लॉकर से राइफल मिली तो इसके मंसूबों से पर्दा उठा।
डॉक्टर आदिल की गिरफ्तारी के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से एतियातन जिन दो डॉक्टर को फोर्स लीव पर भेजा गया था बुधवार को उन्होंने भी अस्पताल दोबारा से ज्वाइन कर लिया। दोबारा अस्पताल ज्वाइन करने के बाद दोनों डॉक्टर मीडिया से दूरी बनाते हुए दिखे लेकिन अपने एक बयान में इन्होंने कहा कि हम डॉक्टर आदिल की शादी में जरूर गए थे लेकिन हमारे उससे करीबी रिश्ते नहीं थे। बताया कि स्टाफ होने के नाते शादी का निमंत्रण मिला था और उसी अनुसार वह शादी में शामिल होने के लिए गए थे। दोनों डॉक्टर ने बताया कि, कश्मीर घूमने का अवसर मिल रहा था तो हम दो दिन पहले ही घूमने के लिए निकल गए थे। उन्होंने बताया कि डॉक्टर आदिल अक्सर कश्मीरी भाषा में बात करता था। इतने दिन उसके साथ रहकर कभी अंदेशा नहीं हुआ कि, उसके दिमाग में इतने खतरनाक मंसूबे चल रहे हैं और वह आतंकियों से मिला हुआ है।
गिरफ्तारी से पहले ही आदिल मां को बीमार बताया और छुट्टी लेकर अपने गांव चला गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि छुट्टी जाकर उसने कुछ सामान ठिकाने लगाया होगा। अब जांच एजेंसियों की पड़ताल में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं।आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन होने के आरोपों में सहारनपुर के फेमस हॉस्पिटल से सात नवंबर को डॉक्टर आदिल की गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद पूछताछ में इसने खुलासे किए और फिर इसके अनंतनाग स्थित जीएमसी अस्पताल के लॉकर से राइफल बरामद हुई और फिर इसने अपने साथी डॉक्टर मुज्जमिल और उसकी गर्लफ्रेंड शाहीन और डॉक्टर उमर के नाम सामने आए। इसके बाद मुजम्मिल ने हरियाणा के हाजी इश्तियाक का नाम बताया और इश्तियाक के घर से 2900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री मिली।
अब डॉक्टर आदिल के साथी डॉक्टरों ने ज्वाइन करने के बाद यह भी बताया कि आदिल किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। उसने ज्यादा स्टाफ को भी अपनी शादी में नहीं बुलाया था। बस दो ही डॉक्टर शादी में गए थे। इन्होंने भी यही कहा कि हमारे रिश्ते सिर्फ स्टाफ वाले थे। डॉक्टर आदिल पहले दिल्ली रोड स्थित वी-ब्रॉस हॉस्पिटल में काम करता था और इसके बाद पांच लाख रुपये के पैकेज पर उसने फेमस हॉस्पिटल ज्वाइन किया था। जहां डॉक्टर आदिल रहता था वहां भी वह पड़ोसियों से मिलता-जुलता नहीं था। पड़ोसियों ने बताया कि अक्सर रात के समय आदिल से मिलने के लिए लोग आया करते थे। दो तीन गाड़ियां हमेशा खड़ी रहती थी। माना जा रहा है कि आदिल के अन्य डॉक्टरों से भी कनेक्शन हैं अब उसके फोन और अन्य संबंधों के आधार पर अन्य डॉक्टरों की पड़ताल चुपचाप की जा रही है।