
देवबंद। कोरोना वायरस के चलते दारुल उलूम पहले भी अपील कर चुका है कि सभी लोग अपने घरों मे ही नमाज अदा करें। फिर वह चाहे जुमे की नमाज हो या किसी भी वक्त की नमाज हो। अब इस मामले पर दारुल उलूम इफ्ता विभाग ने फतवा जारी कर दिया है।
घर पर ही अदा करें जुमे की नमाज
दारुल उलूम ने फतवा जारी कर कहा है कि सभी लोग घर पर ही जुमे की नमाज अदा करें। यह फतवा मुफ्ती-ए-कराम की खंडपीठ ने दिया है। पहली बार नमाज को लेकर इस तरह का फतवा जारी हुआ है। यह फतवा सीतापुर निवासी नोमान ने दारुल उलूम के इफ्ता विभाग से सवाल डाल कर पूछा है। उन्होंने पूछा है कि देश व दुनिया मे कोरोना जैसे खतरनाक वायरस के चलते हाहाकार मचा हुआ है। क्या ऐसी परिस्थिति मे नमाज-ए-जुमा मस्जिद मे पढ़ना सही है। इस सवाल पर मुफ्ती-ए-कराम की खंडपीठ ने कहा की ऐसी परिस्थिति मे मस्जिद मे नमाज पढ़ना सही नहीं है।
कई जिलों में नमाज पढ़ने के मामले आए हैं सामने
आपको बता दें कि लॉकडाउन के ऐलान के बाद धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रमों पर रोक लग गई है। इसके बावजूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ही कई जिलों में चोरीछिपे नमाज पढ़ने के मामले सामने आए हैं। सहारनपुर, बुलदंशहर और नोएडा में तो इसको लेकर केस भी दर्ज हुए हैं। साथ ही कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।