मोदी सरकार पर भी साधा निशाना
देवबंद। कैराना लोकसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां पूरे उफान पर हैं। वे सभी राजनीतिक दल जिन्होंने इस उपचुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं उन्होंने रालोद-सपा गठबंधन की प्रत्याशी तबस्सुम हसन को समर्थऩ देने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही शुक्रवार को जमीयत उलेमा-ए-हिंद के मौलाना हसीब सिद्दीकी ने भाजपा के दिवंगत सांसद हुकुम सिंह के बारे में बात करते हुए कहा कि हुकुम सिंह के खून में कांग्रेस है और मैंने उनका कांग्रेस में रहने का दौर देखा है। वह एक आला दर्जे के कांग्रेसी थे लेकिन वही बात है कि सियासत में आदमी का कोई मजहब नहीं होता, वह चलती गाड़ी में बैठता है। इसलिए हुकुम सिंह भी उसी चलती गाड़ी में बैठ गए। लेकिन उनका पूरा घराना कांग्रेसी ही है। अब उनकी बेटी कैराना में तबस्सुम के मुकाबले में खड़ी है।
अब लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि वह हुकुम सिंह की बेटी नहीं बल्कि भाजपा की उम्मीदवार है। अगर भाजपा को हराना है तो मुसलमानों को तबस्सुम को वोट करना चाहिए। साथ ही मौलाना ने विपक्षी पार्टियों के गठबंधन का समर्थन करते हुए कहा कि मोदी सरकार से पूरा हिंदुस्तान और पूरी सियासी जमातें परेशान व दुखी हैं। भाजपा सरकार से अब उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह मुल्क के तमाम लोगों के फायदे की बात करे। इसलिए विपक्षी पार्टियों ने एकजुट होकर एक प्लेटफार्म बनाया है वह एक अच्छी शुरूआत है।आपको बता दें कि प्रदेश में 28 मई को कैराना लोकसभा सीट और बिजनौर की नूरपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। जिसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। सभी पार्टीयों के दिग्गज नेता वोटरों को लुभाने के लिए गांव-गांव जा रहे हैं।
वहीं देवबंदी उलेमा ने चुनाव से ठीक पहले बड़ा बयान दिया है और मुसलमान वोटरों से अपील की है कि वह देश को आगे ले जाने के लिए ही वोट करें। जिसके चलते भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उलेमा ने कहा कि जिस-जिस जगह चुनाव होने जा रहे हैं, वहां के लोग अपने वोट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। ताकि पोलिंग प्रतिशत कम होने से भाजपा को फिर खड़े होने का मौका न मिले। इसलिए मेरी सभी लोगों से अपील है कि वह अपना वोट जरुर डालें। वहीं मुस्लिम लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि रमजान का महीना है, गर्मी भी है पर सभी मुस्लिम ज्यादा से ज्यादा वोट करें।