सहारनपुर

Huda Jariwala News: बुलडोजर कार्रवाई के बाद हुदा जरीवाला से मिलने पहुंचे जूनेद, सहारनपुर में फिर गरमाया मामला

Saharanpur Mosque Demolition: सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में जेल से रिहा हुईं हुदा जरीवाला से मोहम्मद जुनैद ने मुलाकात की। जुनैद ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाए, वहीं जरीवाला ने फिर विरोध का ऐलान किया।
2 min read
Sep 15, 2026
Huda Jariwala Saharanpur Mosque
हुदा जरीवाला के साथ मोहम्‍मद जुनैद (photo- @x55MTQ_)

Huda Jariwala Saharanpur Mosque: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में करीब 150 साल पुरानी बताई जा रही मस्जिद के ध्वस्तीकरण का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार की गईं सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला जेल से बाहर आ चुकी हैं। रिहाई के बाद उन्होंने एक बार फिर मस्जिद के मुद्दे पर अपनी आवाज मुखर की है।

इसी बीच दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान चर्चा में आए मोहम्मद जुनैद ने हुदा जरीवाला से मुलाकात की। जुनैद ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उनकी गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाए हैं।

मस्जिद गिराने के बाद हुदा की गिरफ्तारी पर जुनैद ने उठाए सवाल

जुनैद ने वीडियो में कहा कि सहारनपुर में मस्जिद गिरा दी गई और इस कार्रवाई पर सवाल उठाने वाली हुदा जरीवाला को जेल भेज दिया गया। उनके मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद जरीवाला ने विरोध जताते हुए सवाल उठाए थे। जुनैद ने कहा कि किसी भी कार्रवाई पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। उन्होंने मस्जिद के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।

‘डराकर आवाजें नहीं दबाई जा सकतीं’

मोहम्मद जुनैद ने कहा कि कानून का राज तभी माना जाएगा, जब विरोध की आवाज को दबाने के बजाय उठाए गए सवालों का जवाब दिया जाए। उन्होंने हुदा जरीवाला के मामले में कानूनी प्रक्रिया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि डराकर लोगों की आवाज नहीं दबाई जा सकती। उनका कहना है कि वे सवाल उठाते रहेंगे, जवाब मांगते रहेंगे और संविधान के साथ खड़े रहेंगे।

जेल से बाहर आते ही हुदा जरीवाला के तेवर

जेल से रिहाई के बाद हुदा जरीवाला ने सहारनपुर में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने अपनी गिरफ्तारी और मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर खुलकर बात की। जरीवाला ने कहा कि उन्होंने डीएम को ‘क्रिमिनल’ कहा था और वह अपने बयान पर कायम हैं। उनका कहना था कि मस्जिद को ध्वस्त करना उनके नजरिए में ‘क्रिमिनल एक्टिविटी’ है। उन्होंने कहा कि जहां भी मस्जिद को नुकसान पहुंचाया जाएगा, वह वहां सबसे पहले पहुंचेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी मंदिर को गिराया जा रहा होगा तो वहां भी वह पहुंचेंगी। जरीवाला ने कहा कि उन्हें एक बार जेल भेजा गया है, जरूरत पड़ी तो सौ बार भी जेल जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने धार्मिक स्थलों को लेकर कहा कि मंदिर, मस्जिद या किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचने पर वह उसके खिलाफ आवाज उठाएंगी।

कौन हैं मोहम्मद जुनैद?

मोहम्मद जुनैद हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान सुर्खियों में आए थे। गाजियाबाद के रहने वाले जुनैद प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए मुफ्त भोजन की व्यवस्था कर रहे थे। इसके बाद उनकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। दिल्ली के बाद वह झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन में भी पहुंचे थे। अब सहारनपुर मस्जिद मामले में हुदा जरीवाला से उनकी मुलाकात ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।

Updated on:
15 Sept 2026 10:07 am
Published on:
15 Sept 2026 10:07 am