सहारनपुर

यूपी के इस जिले में कर दी गई इंटरनेट सेवा बंद, जानिए क्या है मामला

डीएम ने टेलीकॉम कंपनियों को इंटरनेट सेवा बंद करने के जारी किए निर्देश

2 min read
saharanpur

सहारनपुर. 2 अप्रैल को भड़की हिंसा के बाद अब 10 अप्रैल को भारत बंद की अफवाह फैलाई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की भ्रामक पोस्ट डाली जा रही है। 2 अप्रैल की घटना से सबक लेते हुए सहारनपुर डीएम पीके पांडे ने जिले में सोमवार शाम से ही इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है। टेलीकॉम कंपनियों को दिए निर्देश में डीएम पीके पांडे ने साफ कहा है कि सहारनपुर जिले में पूरी तरह इंटरनेट सेवा बंद रखी जाए।

दरअसल 2 अप्रैल कि भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के संबंध में भीम आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से सोशल मीडिया वाट्सऐप व फेसबुक आदि के माध्यम से हड़ताल की कॉल की जा रही है। लोगों को एकत्र करने की कोशिश की जा रही है और इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। इसके अलावा मंगलवार यानी 10 अप्रैल को सामान्य वर्ग के लोगों द्वारा भारत बंद की चर्चाएं भी सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही हैं, जो भ्रामक हैं। इसी को देखते हुए डीएम पीके पांडे ने टेलीकॉम कंपनियां को सहारनपुर में इंटरनेट सेवा बंद रखने के निर्देश जारी किए है। डीएम ने कहा वर्तमान हालातों में जिस तरह से सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। लोगों को गलत तरीके से एकजुट किया जा रहा है। उससे सहारनपुर जनपद में शांति भंग होने की आशंका हैं। ऐसे में इंटरनेट सेवाओं को बंद किया जाना जरुरी है।

सार्वजनिक स्थलों पर जारी होगी यह सूचना

अचानक इंटरनेट सेवाएं बंद होने से यूजर्स को परेशानी न हो वह अपने हैंडसेट के साथ छेड़छाड़ न करें और उनको ऐसा न लगे कि उनके फोन में कोई खराबी आ गई है। इसकी जानकारी मैसेज से दी जा रही है। डीएम ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को पहले ही सूचना दी जा रही है। सहारनपुर में सोमवार शाम से अग्रिम निर्देश तक इंटरनेट सेवा बंद करने की जानकारी SMS दुवारा दी जा रही है। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर भी यह जानकारी चस्पा की गई है।

Published on:
10 Apr 2018 09:14 am