उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य बाढ़ नियंत्रण मंत्री विजय कश्यप के निधन से भाजपा और संघ में शोक की लहर, गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सहारनपुर. योगी सरकार के राज्य मंत्री विजय कश्यप का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया है। उन्होंने मंगलवार रात गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। विजय कश्यप मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा सीट से विधायक थे। उनके निधन से भाजपा और संघ में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है। कश्यप के निधन से उनकी पत्नी और दो बेटों समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसके साथ ही क्षेत्र में मातम का माहौल है। बता दें कि विजय कश्यप ने संघ कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत की थी। इसके बाद चरथावल सीट से तीसरे प्रयास में विधायक बने। वह हमेशा जनहित के कार्यों के लिए समर्पित रहते थे।
कोरोना महामारी के दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा ने विजय कश्यप के रूप में अपने 5वें विधायक को खो दिया है। इससे पहले 7 मई को रायबरेली की सलोन विधानसभा से भाजपा विधायक दल बहादुर कोरी, 28 अप्रैल को बरेली की नवाबगंज सीट से विधायक केसर सिंह गंगवार, 23 अप्रैल को लखनऊ वेस्ट से विधायक सुरेश श्रीवास्तव और औरैया से विधायक रमेश चंद्र दिवाकर का भी कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो चुका है। वहीं, अब नानौता में देवबंद रोड निवासी राज्यमंत्री 53 वर्षीय विजय कश्यप का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया है।
संघ कार्यकर्ता के रूप में की शुरुआत
बता दें कि चरथावल विधानसभा सीट से विधायक विजय कश्यप को राज्य बाढ़ नियंत्रण मंत्री बनाया गया था। उन्होंने संघ में कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत की थी और सहारनपुर के जिला बौद्धिक प्रमुख भी रहे थे। विजय कश्यप का उनकी बिरादरी में खासा जनाधार था। उन्होंने पहली बार 2007 में चरथावल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। इसके बाद तीसरी बार के प्रयास में 2017 के विधानसभा चुनाव में वह चरथावल से विधायक बने। विजय कश्यप भाजपा की उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी में भी सदस्य रहे थे।
परिवार में मचा कोहराम
कश्यप के पिता प्रकाश चंद सिंचाई विभाग में पतरोल के पद से रिटायर हैं। वहीं उनके बड़े भाई अजय कश्यप ब्लॉक कार्यालय में सहायक विकास अधिकारी हैं। मंगलवार देर रात जैसे ही विजय कश्यप के निधन की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। उनकी पत्नी और दो बेटों समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र में मातम का माहौल है।