
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (फोटो - एएनआई)
UP MLC Election Result: सहारनपुर। चार राज्यों में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्षी नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पीएम मोदी ने मतपत्र से हुए चुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलने पर तंज कसा था। इस पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार किया। उन्होंने वाराणसी में भाजपा की हार का मुद्दा उठाते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा। मसूद ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा की हार का भी जवाब देना चाहिए। वाराणसी में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा की हार का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये चुनाव पूरी तरह मास लेवल पर चुनाव नहीं होते हैं इन चुनाव के नतीजे अलग-अलग तरीकों से आते हैं। पीएम मोदी जहां बैलेट-बैलेट कर रहे हैं वहां पर उनका डर बोल रहा है, वोट काट-कटकर, कभी मशीन में चोरी, कभी वोटर लिस्ट में चोरी तो पीएम मोदी चुनाव जीतने के नए-नए तरीके खोच रहे हैं। इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें पकड़ लिया है और राहुल गांधी के डर की वजह से वह घबराए हुए हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वह करें तो करें क्या।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों के चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यूपी, महाराष्ट्र, बिहार व कर्नाटक जैसे चार बड़े राज्यों की 28 सीट पर विधान परिषद चुनाव हुए। चुनाव मतपत्रों से कराए गए। अंदाजा लगाइए कि कांग्रेस ने कितनी सीट जीतीं?प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद चुनाव नतीजों को लेकर राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई। भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन को मुद्दा बनाया, वहीं विपक्ष ने उत्तर प्रदेश में सपा की जीत और वाराणसी के नतीजों को लेकर भाजपा को घेरने की कोशिश की।
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों में से 10 के नतीजे सामने आ चुके हैं। इनमें भाजपा ने 6 और सपा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। अब वाराणसी खंड स्नातक सीट पर नतीजे का इंतजार है, जहां सपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। इससे पहले भाजपा वाराणसी शिक्षक सीट भी गंवा चुकी है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में सपा की बढ़त को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इस सीट के अंतिम नतीजे पर दोनों दलों की नजर बनी हुई है।
Updated on:
29 Oct 2026, 10:16 AM IST
Published on:
29 Oct 2026, 10:04 AM IST
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.