सहारनपुर

नगर निगम की भूमि पर उगा दी धान की फसल, अधिकारियों को भनक तक नहीं

नगर निगम की उक्त भूमि पर खातेदार ने धान की फसल उगाई हुई है। जिसको बोए हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन निगम के अधिकारियों को इसका पता तक नहीं लगा।

2 min read
Aug 30, 2022

यूपी के सहारनपुर में एक अनोखा वाला मामला सामने आया है। यहां नगर निगम ने कचरा प्रबंधन के लिए बेहट रोड पर एक भूमि खरीदी थी जिसपर कुछ लोगों ने धान की फसल उगा दी। हैरानी की बात ये है कि फसल को बोए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इस घटना की निगम के अधिकारियों को कानोकान भनक तक नहीं लगी। वहीं अब जब मामले का खुलासा हुआ है तो नगर निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही उक्त भूमि का लगातार दौरा भी किया जा रहा है।

अभी तक कुर्रे की कार्रवाई पूर्ण नहीं

बता दें कि नगर निगम ने कचरा प्रबंधन के लिए करीब तीन साल पहले बेहट रोड पर 52 बीघा भूमि खरीदी थी। भूमि पर चहारदीवारी बनवाने आदि का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा निगम ने इसी के बगल में 36 बीघा भूमि और खरीदी थी। उक्त भूमि पर कई खातेदार हैं और अभी तक कुर्रे की कार्रवाई पूर्ण नहीं हो सकी है। लेकिन नगर निगम ने अपने हिस्से की 36 बीघा भूमि पर कब्जे के लिए चारों ओर सीमेंट के पोल खड़े किए हुए हैं।

कार्रवाई की तैयारी में निगम के अधिकारी

वहीं नगर निगम की उक्त भूमि पर खातेदार ने धान की फसल उगाई हुई है। जिसको बोए हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन निगम के अधिकारियों को इसका पता तक नहीं लगा। अब जब अधिकारियों को इसका पता चला है तो निगम के राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर भूमि का मुआयना किया। उन्होंने देखा कि वहां धान की फसल उगी हुई है, अगले एक माह में कट जाएगी। राजस्व विभाग ने इसकी रिपोर्ट मय वीडियोग्राफी अधिकारियों को सौंप दी है, जिसके बाद निगम के अधिकारी उक्त भूमि को लेकर अगली कार्रवाई की तैयारी में हैं।

Published on:
30 Aug 2022 12:33 pm
Also Read
View All