Rain : मूसलाधार बरसात से घाड़ क्षेत्र में हालात और बिगड़े, जिलेभर की सड़के हुए जलमग्न
Rain : शिवालिक की पहाड़ियों से सटे यूपी के जिले सहारनपुर में भारी बरसात हुई है। मूसलाधार बरसात से सहारनपुर में चारों ओर जलभराव हो गया है। सिटी क्षेत्र में भी सड़कों पर पानी भर आया है। लगातार हुई बरसात से घाड़ क्षेत्र में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी तरह से मुजफ्फरनगर और बिजनौर में भी बरसात का मौसम बना हुआ है। यहां भी तेज बरसात की उम्मीद जताई जा रही है।
शुक्रवार को सहारनपुर के मौसम में अचानक बदलाव आने के बाद मौसम में काफी गर्मी हो गई थी। दिनभर निकली तेज धूप ने लोगों को एक बार फिर से तगड़ी गर्मी का अहसास करा दिया था। शुक्रवार की रात अचानक मौसम में बदलाव हुआ सुबह होने से पहले ही मूसलाधार बरसात ने दस्तक दी और चारों ओर पानी ही पानी हो गया। सबसे अधिक बरसात घाड़ क्षेत्र में हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बरसात के कारण यहां बरसाती नदियां पहले से ही उफान पर हैं। इसके बाद सहारनपुर में हुई इस मूसलाधार बरसात का पानी भी इकट्ठा हो गया। इससे घाड़ क्षेत्र में हालात और बिगड़ गए।
यहां पिछले दिनों हुई बरसात की वजह से वजह से कई सड़के टूट गई थी। इससे बेहट और मिर्जापुर क्षेत्रों के कई गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया था। अब शनिवार तड़के हुई इस बरसात से हालात और बिगड़ गए। शाकम्भरी खोल में पानी चढ़ आया है। प्रशासन ने बेहट और मिर्जापुर क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। लोगों के अकेले जंगलों की ओर जाने से रोका गया है। इसके साथ ही बड़े और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि अगले तीन दिन तक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में बरसात का मौसम रह सकता है।