सहारनपुर

मां-बहन और बेटी के साथ ससुराल से लौट रहे युवक की बाइक को क्रेटा ने टक्कर मारी, चारों की मौत

Road Accident लविश अपनी ढाई वर्षीय बेटी 20 वर्षीय बहन और मां के साथ बाइक पर ससुराल से घर आ रहा था। रास्ते में इसे पीछे से एक क्रेटा ने कार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सभी की मौत हो गई।

2 min read
Road Accident
दुर्घटना के बाद अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड के बाहर खड़े लोग ( फोटो पत्रिका )

Road Accident: शनिवार को सहारनपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। तेज रफ्तार क्रेटा कार ने इनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ससुराल से घर लौट रहा था लविश

मलकपुर निवासी 26 वर्षीय लविश अपनी मां राजदुलारी, 20 वर्षीय बहन अंजना उर्फ तन्नु और ढाई वर्षीय बेटी रूही के साथ ससुराल गया था। बाइक से ये सभी चारों वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में थाना बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में पड़ने वाले धौंला कुआ के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक बिखर गए। खून से लथपथ इन चारों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने चारों को ही मृत घोषित कर दिया।

टक्कर लगते ही सड़क पर बिखर गया परिवार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। उधर घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। लविश के चाचा अंकित ने बताया कि लविश अपनी मां, बहन और बेटी को लेकर कोठड़ी स्थित अपनी ससुराल गया था। वहां से वापस लौटते वक्त यह हादसा हुआ। धौलाकुआं के पास पहुंचते ही क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। परिजनों ने बताया कि लविश मजदूरी करता था। मजदूरी से ही वह अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वर्ष 2022 में ही लविश की शादी हुई थी। उसकी पत्नी और एक छोटा बेटा इस दुर्घटना के बाद बचे हैं जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। रूही लविश की बेटी की थी। वह पापा के साथ जाने की जिद पर अड़ी हुई थी। इसलिए उसे भी बाइक पर बैठा लिया था। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम जैसा माहौल है।

दुर्घटना के बाद नहीं मिली एम्बुलेंस

इस दुर्घटना के बाद घायलों को आनन-फानन में प्राइवेट वाहन से ही नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाई थी। बाद में सभी को प्राइवेट गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना इतनी भयंकर थी की कोई भी नहीं बच सका।एसपी देहात मयंक पाठक का कहना है कि प्राथमिक पड़ताल में कार वाले की गलती सामने आ रही है लेकिन सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाकर आगे इस तरह की घटना ना हो इस पर भी काम किया जाएगा।

Published on:
13 Jun 2026 06:24 pm