सहारनपुर

सपा नेता ने कहा- मुझे षड्यंत्र के तहत जेल भेजा गया, जल्द करूंगा बड़ा खुलासा

तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद पूर्व विधायक माविया अली ने लगाए सांसद पर फंसाने के आरोप
2 min read
Aug 25, 2018
saharanpur
सपा नेता ने कहा- मुझे षड्यंत्र के तहत जेल भेजा गया, जल्द करूंगा बड़ा खुलासा

देवबंद. एआईयूडीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद मौलाना बदरुद्दीन अजमल को ब्लैकमेल करने के आरोप में जेल गए सपा नेता और कांग्रेस के पूर्व विधायक माविया अली जमानत पर जेल से रिहा हो गए हैं। सपा नेता माविया अली ने पत्रकारों से वार्ता कर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया और इस मामले में रविवार के बाद बड़ा खुलासा करने की बात कही है।

दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद पूर्व विधायक माविया अली देवबंद पहुंचे। जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। माविया अली ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि सांसद बदरुद्दीन अजमल द्वारा उन पर जो भी आरोप लगाए गए वह बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रोपर्टी का मामला है। उनके द्वारा मौलाना बदरुद्दीन से खरीद का समझौता हुआ था और जमीन की मोटी रकम वह दे चुके हैं, लेकिन मौलाना द्वारा जमीन का बैनामा करने में आनाकानी जा रही थी। जब उन्होंने दबाव बनाया तो उनकी रकम हड़पने की नीयत के चलते एक साजिश के तहत उन्हें एक करोड़ की रंगदारी के मामले में फंसाया गया। हालांकि न्यायालय में यह बात साबित नहीं हो पाई और माननीय न्यायालय द्वारा उन्हें तुरंत जमानत दे दी गई। उन्होंने कहा कि वह साबित कर देंगे कि उक्त जमीन का अधिकांश भुगतान वह कर चुके हैं, लेकिन कानूनी मजबूरी के तहत फिलहाल अभी वह इस मामले में कुछ नहीं कहेंगे। प्रोपर्टी के भुगतान से संबंधित उनके पास सभी सबूत मौजूद है, जिन्हें वह रविवार के बाद मीडिया के सामने सार्वजनिक करेंगे और इस मामले में बड़ा खुलासा भी करेंगे। पत्रकारवार्ता के दौरान सपा के विधानसभा अध्यक्ष चौधरी रमेश पंवार, सिकंदर अली, हाजी बाबू, फैजान कुरैशी, नसीर कुरैशी, उस्मान इंजीनियर, आरिफ अंसारी, मुर्सलीन, अमजद इलाही मौजूद रहे।

यह था पूरा मामला

सांसद बदरुद्दीन अजमल ने पूर्व विधायक माविया अली पर देवबंद स्थित जमीन को हड़पने की नीयत से ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाते हुए अजमल कंपनी के सीए जमाल ने दिल्ली के साऊथ एवेन्यू थाने में तहरीर दी थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने माविया अली को दिल्ली के एक होटल से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद तिहाड़ जेल भेज दिया था। माविया अली की पटियाला कोर्ट से अगले दिन ही जमानत हो गई थी, लेकिन जमानतियों की तसदीक न होने और ईद की छुट्टी होने के चलते माविया अली गुरुवार रात जेल से रिहा हुए और देवबंद पहुंचे।

Published on:
25 Aug 2018 12:09 pm
Also Read
View All