जीत की खुशी सुनते ही सपा के इस नेता ने किया ऐसा काम कि सुनकर आपको भी नहीं होगा यकीन।
सहारनपुर। गठबंधन के बाद ही सही फूलपुर व गोरखपुर के चुनावी नतीजों के बाद सहारनपुर के सपा कार्यालय पर भी रोनक दिखाई दी। यहां मौजूद सपाइयों ने गठबंधन जिंदाबाद के नारे लगाते हुए एक दूसरे को मिठाई बांटी और चुनावी जीत का जश्न मनाया। इस दौरान सपाइयों ने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर से सपा का जनाधार बढ़ रहा है और चुनावी नतीजे इसके गवाह हैं।
इन चुनावी नतीजों के बाद जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने अपने बयान में कहा है कि कहीं कोई कमी रह गई है जिसकी समीक्षा की जाएगी। वहीं सहारनपुर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी इस जीत को लेकर इतने खुश हैं कि उन्होंने इन नतीजों को आगामी जीत की दस्तक बताया है।
जीत की खबर सुनकर श्रद्धांजलि प्रोग्राम से सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे जिला अध्यक्ष
चुनाव के नतीजों की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के सहारनपुर के जिला अध्यक्ष सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे। जिला अध्यक्ष लिंक रोड पर एक श्रद्धांजलि प्रोग्राम में थे। यहां एक पैलेस में नगर विधायक संजय गर्ग की ताई पुष्पलता गर्ग (धर्मपत्नी स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय प्रेमनाथ गर्ग) की श्रद्धांजलि सभा चल रही थी। इसी प्रोग्राम के दौरान लगातार जिला अध्यक्ष रुद्रसेन अपडेट ले रहे थे कि चुनाव नतीजों में क्या चल रहा है।
जब उन्हें खबर मिली कि चुनाव नतीजे आ गए हैं तो वह प्रोग्राम के खत्म होने से पहले ही यहां से निकल लिए और सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने मिठाइयां बांटी और एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने सपा के पक्ष में आए नतीजों पर एक दूसरे को बधाई दी। इस दौरान अखिलेश यादव और मायावती जिंदाबाद के नारे लगे तो पदाधिकारियों ने जोर-जोर से गठबंधन जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
कई दिनों बाद पार्टी कार्यालय पर दिखी रौनक
प्रदेश से सत्ता जाने के बाद समाजवादी पार्टी कार्यालय पर रौनक का सिलसिला धीरे-धीरे कम हो गया था और अब फूलपुर व गोरखपुर चुनाव नतीजों के बाद एक बार फिर से समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर रौनक दिखाई दी। चुनाव नतीजे आते ही समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी कम संख्या में ही सही लेकिन पार्टी कार्यालय पहुंचे और यहां उन्होंने एक दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए गठबंधन जिंदाबाद के नारे लगाए।