डीएम ने कहा चेक नहीं मिला तो कर दूंगा सस्पेंड, इसके बाद दो घंटे में हो गया समाधान
ग्रेच्युटी के लिए 15 माह से परेशान शिक्षिका को जिलाधिकारी ने महज दो घंटे में सात लाख रुपये का चेक दिलवा दिया। शिक्षिका अपनी बेटी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची थी। यहां जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। शिक्षिका ने बताया कि 15 महीने से विभाग के चक्कर लगा रही हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
सहायक अध्यापिका के पद पर रही शिक्षिका अनिता मार्च 2023 में सेवानिवृत्त हो गई थी। बेटी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची शिक्षिका ने बताया कि विभाग उनकी ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं कर रहा। आरोप लगाया कि, अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन कार्यालय उन्हे परेशान कर रहा है। बार-बार चक्कर लगवाए जा रहे हैं। गर्मी बहुत अधिक है ऐसे में उन्हे बहुत परेशानी हो रही है। इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन से फोन पर बात की और दो घंटे के भीतर समाधान नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई के लिए कहा। इसके बाद महकमें में हड़कंप मच गया। आपको यकीन नहीं होगा कि जो कार्य पिछले 15 महीने से नहीं हो पा रहा था डीएम की चेतावनी के बाद उस कार्य को विभाग ने महज दो घंटे में कर दिया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जब महज दो घंटे में महिला को चेक मिला तो महिला भी आंखे भर आई। चेक मिलने के बाद शिक्षिका दोबार जिलाधिकारी के पास पहुंची और आभार जताया। इस शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने सभी विभागों के निर्देश दिए हैं कि अगर सेवानिवृत्त लोगों को परेशान किया गया तो विभागाध्यक्ष और परेशान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।