सहारनपुर

26 सीटों के ऑफर पर घिरे सपा-कांग्रेस, बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया क्यों जल्द टूट जाएगा यह गठबंधन!

UP Election 2027: यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सहारनपुर में सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग विवाद पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि स्वार्थ पर बना यह गठबंधन ज्यादा दिन नहीं चलेगा।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 9:48 PM IST
Pankaj Chaudhary
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (Photo-IANS)

BJP UP President Pankaj Chaudhary: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी तैयारियों के साथ जुट गए है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंथन चल रहा है। कांग्रेस की 120 से अधिक सीटों की मांग के मुकाबले सपा द्वारा महज 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विपक्षी गठबंधन पर चौतरफा हमला बोला है। सहारनपुर में यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इसे स्वार्थ पर आधारित गठबंधन करार देते हुए इसके जल्द टूटने की भविष्यवाणी की है, वहीं गौरव वल्लभ और योगी सरकार के मंत्री एके शर्मा ने भी तीखे तंज कसे हैं।

स्वार्थ की बुनियाद पर टिका है सपा-कांग्रेस गठबंधन: पंकज चौधरी

सहारनपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सपा और कांग्रेस पहले भी उत्तर प्रदेश में साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने 2017 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दल इस बार फिर साथ आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियां सबके सामने हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि दो दौर की बैठकें हो चुकी हैं और सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा है कि वे कांग्रेस को 26 सीटें देने जा रहे हैं। यह उनका आपसी मामला है, जिस पर मुझे कुछ नहीं कहना, लेकिन जिस तरह स्वार्थ के आधार पर यह गठबंधन बना है, वह ज्यादा दिन नहीं चलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित राष्ट्र बनाने का काम तेजी से चल रहा है।

गौरव वल्लभ का तंज: अखिलेश ने कांग्रेस को उसकी राजनीतिक हैसियत दिखा दी

सीट बंटवारे के इस गणित पर बीजेपी नेता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले 183 सीटों की बात कर रही थी, फिर 60 सीटें कम करके 120 पर आई, लेकिन अब 120 सीटें मांगने वाली पार्टी को महज 26 सीटें ऑफर की जा रही हैं। गौरव वल्लभ ने कहा कि अखिलेश यादव ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में उसकी वास्तविक स्थिति और राजनीतिक अस्तित्व दिखा दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन में सीट शेयरिंग में इतनी बड़ी और भयावह कटौती कभी नहीं देखी। क्या पता मोलभाव करते-करते अखिलेश यादव उन्हें सिर्फ 6 सीटों पर ही समेट दें, क्योंकि फिलहाल विधानसभा में उनके पास सिर्फ दो ही सदस्य हैं। यह राजनीति में एक 'केस स्टडी' बनने लायक विषय हो गया है।

जनता देख रही है विपक्ष की नौटंकी: मंत्री एके शर्मा

दूसरी ओर, मऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा ने भी सपा-कांग्रेस की बातचीत पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सब आपस में बंदरबांट का मामला है और आने वाले दिनों में पता चल जाएगा कि किसके हिस्से में कितना आता है। मंत्री एके शर्मा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता विपक्ष के इस नाटक और नौटंकी को देख रही है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों में से किसी को भी कोई भी सीट मिले, वे सभी सीटों पर हारेंगे और अंततः ये सभी सीटें बीजेपी के खाते में ही जाएंगी।

Updated on:
24 Nov 2026, 9:48 PM IST
Published on: